बाकीपुर में प्रतिष्ठा बचाने के लिए पार्टी ने झोंक दी पूरी ताकत, राष्ट्रीय अध्यक्ष चार दिन में वापस लौटे पटना
- by Manjesh Kumar
- 18-Jul-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में बिहार भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन चार दिन के भीतर दूसरी बार दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को पटना पहुंचे। पटना पहुंचते ही उन्होंने भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी रणनीति पर मंथन शुरू किया। बांकीपुर विधानसभा सीट नितिन नवीन की पारंपरिक और पारिवारिक सीट रही है। ऐसे में उपचुनाव को भाजपा प्रतिष्ठा की लड़ाई के रूप में देख रही है। पार्टी नेतृत्व इस सीट पर किसी तरह की चूक नहीं चाहता। यही वजह है कि नितिन नवीन लगातार क्षेत्र और संगठन पर नजर बनाए हुए हैं।
इस बार जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर भी चुनावी मैदान में सक्रिय हैं। इसे देखते हुए भाजपा ने अपनी चुनावी तैयारियां और तेज कर दी हैं। सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को घर-घर संपर्क अभियान तेज करने और हर बूथ पर संगठन को मजबूत करने का निर्देश दिया है। चर्चा है कि नितिन नवीन स्वयं भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के समर्थन में जनसभाएं करेंगे और चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। पार्टी का लक्ष्य बांकीपुर में लगातार तीसरी दशक से कायम अपना जनाधार बरकरार रखना और उपचुनाव में बड़ी जीत दर्ज करना है।
शनिवार शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नितिन नवीन से उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच राज्य की राजनीतिक परिस्थितियों और उपचुनाव की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव प्रमुख एजेंडा रहा। पार्टी की चुनावी तैयारियों और आगामी कार्यक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया गया। इससे पहले 13 जुलाई को भी नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर पटना आए थे। उन्होंने 13 और 14 जुलाई को लगातार बैठकें कर चुनावी रणनीति बनाई थी। चार दिन के भीतर दूसरी बार उनका पटना दौरा इस बात का संकेत माना जा रहा है कि भाजपा बांकीपुर उपचुनाव को लेकर कोई जोखिम नहीं लेना चाहती और पूरी ताकत के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है।


Post a comment