'निशांत कुमार सब संभाल लेंगे...', उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कुछ ऐसा कि एक सुर में जदयू भाजपा समेत राजद ने भी लिया आड़े हाथ

पटना: बिहार की राजनीति देशभर में हमेशा कुछ न कुछ कारणों से हमेशा सबसे अधिक चर्चा में रहती है। एक बार फिर एनडीए के सहयोगी दल रालोमो सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा ने एक ऐसा बयान दिया है जिसके बाद भाजपा जदयू समेत विपक्षी राजद ने भी जोरदार पलटवार किया है। दरअसल पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने राजगीर में आयोजित पार्टी की समीक्षा बैठक में नीतीश कुमार और जदयू के संबंध में बोलते हुए कहा था कि अब उन्होंने राजनीति से किनारा कर लिया है ऐसे में पार्टी की विरासत अब हमारी पार्टी को संभालने के लिए देना चाहिए। उपेंद्र कुशवाहा का यह बयान सामने आते ही एनडीए के मुख्य सहयोगी दल भाजपा और जदयू समेत विपक्षी दल राजद ने भी जोरदार पलटवार किया है।

नीतीश कुमार के विरासत की नहीं करनी चाहिए चिंता

उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर पलटवार करते हुए जदयू नेता एवं मंत्री मदन सहनी ने कहा कि जब नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार मौजूद हैं तो किसी दूसरे को उनकी विरासत की चिंता करने की जरूरत नहीं है। मदन सहनी के मुताबिक पार्टी में यह बात साफ है कि नीतीश कुमार की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए निशांत कुमार सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि जदयू के बड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की भी यही राय है। वहीं भाजपा प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने भी उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अभी राजनीति से फुर्सत ली ही नहीं है, ऐसे में अभी से उनकी विरासत की चर्चा करना सही नहीं है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार अभी जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और बिहार में सक्रिय हैं। BJP प्रवक्ता के मुताबिक अक्टूबर से नीतीश कुमार बिहार की यात्रा पर भी निकलने वाले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जदयू में कई ऐसे बड़े नेता हैं, जो भविष्य में नीतीश कुमार की राजनीतिक विरासत को आगे ले जाने की क्षमता रखते हैं।

राजद ने भी बोला हमला

उपेंद्र कुशवाहा के बयान पर राजद ने भी हमला बोला है। पार्टी प्रवक्ता एज्या यादव ने कहा कि जो लोग परिवार की राजनीति करते हैं, उनके मुंह से नीतीश कुमार की विरासत संभालने की बात सुनना अजीब लगता है।  और अपने बेटे को मंत्री बनवाया, लेकिन अब नीतीश कुमार की विरासत की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार की विरासत संभालने की बात है तो उनके बेटे निशांत कुमार मौजूद हैं।

क्या कहा था कुशवाहा ने 

बता दें कि समीक्षा शिविर को संबोधित करते हुए उपेंद्र कुशवाहा ने कहा था कि नीतीश कुमार ने बिहार और देश की राजनीति में लंबे समय तक काम किया है। उन्होंने बिहार की एक बड़ी आबादी का प्रतिनिधित्व किया और मुख्यमंत्री रहते हुए लोगों के लिए काम किया। कुशवाहा ने कहा कि अब नीतीश कुमार ने बिहार की सक्रिय राजनीति से फुर्सत ले ली है। ऐसे में उनके समर्थकों के मन में यह सवाल है कि उनकी राजनीतिक विरासत को आगे कौन बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि कई लोग इस विरासत पर अपना दावा कर सकते हैं, लेकिन राष्ट्रीय लोक मोर्चा का मानना है कि नीतीश कुमार की विरासत को आगे ले जाने की जिम्मेदारी उसकी पार्टी को मिलनी चाहिए।

  

Related Articles

Post a comment