निशांत ही संभालेंगे पार्टी का जिम्मा, JDU की राष्ट्रीय और राज्य परिषद की बैठक में बनी सहमति

पटना: रविवार को राजधानी पटना में जदयू की राष्ट्रीय और राज्य परिषद की बैठक की गई जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री एवं पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी समेत निशांत कुमार और अन्य नेताओं ने शिरकत की। बैठक में उमेश कुशवाहा को एक बार फिर प्रदेश अध्यक्ष के पद पर चुना गया जबकि यह भी साफ हो गया कि भविष्य में निशांत ही पार्टी को संभालेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य संजय कुमार झा ने दोनों बैठकों में इसकी घोषणा की। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह ऊर्फ ललन सिंह, रामनाथ ठाकुर, प्रदेश जदयू अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, जदयू विधायक दल के नेता एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार और मंत्री अशोक चौधरी ने भी अपने संबोधन में पार्टी की इस लाइन की पुष्टि की।

संजय झा ने कहा कि निशांत जदयू का नेतृत्व करने के लिए सक्षम हैं। स्वास्थ्य मंत्री के नाते वे अपनी क्षमता साबित भी कर रहे हैं। हम आशा करते हैं कि वे आने वाले 30-40 वर्षों तक पार्टी का नेतृत्व करेंगे। नीतीश कुमार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि जदयू के सदस्यों की संख्या एक करोड़ से अधिक हो गई है। आने वाले दिनों में यह और बढ़े, हम सबको इसका प्रयास करना होगा। संजय झा और दूसरे नेता जब अपने संबोधन में निशांत को जदयू का भविष्य बता रहे थे, बैठक में शामिल प्रतिनिधि ताली बजाकर उसका समर्थन कर रहे थे। राष्ट्रीय परिषद की बैठक में जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नीतीश कुमार और राज्य परिषद की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष के पद पर उमेश सिंह कुशवाहा के निर्वाचन की पुष्टि की गई। 

स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने उन पर विश्वास करने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे नेतृत्व और पार्टी के समर्थकों के विश्वास पर खरे उतरेंगे। नीतीश कुमार के कार्यों को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार और मजबूती के लिए राज्य के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा करेंगे। उन्होंने पार्टी की सदस्यता अभियान की सफलता को जनता के अटूट विश्वास का प्रतीक बताते हुए कहा कि युवाओं को सम्मानजनक रोजगार, महिलाओं को आत्मनिर्भरता तथा बुजुर्गों को सुरक्षित सामाजिक जीवन उपलब्ध कराना हमारी प्रतिबद्धता है।

  

Related Articles

Post a comment