नवगछिया पुलिस की बड़ी कामयाबी, मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 हथियार तस्कर गिरफ्तार

भागलपुर: भागलपुर के नवगछिया पुलिस ने अवैध हथियार कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहपुर थाना क्षेत्र में संचालित एक मिनी गन फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भारी मात्रा में अवैध हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक नवगछिया के निर्देश पर अपराध एवं अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहपुर थाना क्षेत्र के टेकबाजपुर दियारा स्थित एक घर में अवैध रूप से देसी हथियार बनाए और बेचे जा रहे हैं।

सूचना के आधार पर बिहपुर थाना पुलिस ने एसटीएफ के साथ संयुक्त छापेमारी की कार्रवाई के दौरान मौके से एक मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा किया। पुलिस ने चार कारीगरों को गिरफ्तार किया है जिनकी पहचान मो मोकीम, मो सुशील, मो अब्दुल अजीज और पप्पू मंडल उर्फ प्रमोद कुमार के रूप में की गई। छापेमारी में पुलिस ने 11 निर्मित देसी पिस्तौल, 4 अर्धनिर्मित पिस्तौल, 16 मैगजीन, 2 जिंदा कारतूस तथा 33 लोहे के बड़े रॉड सहित हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण और सामग्री बरामद की है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। अवैध हथियारों के खिलाफ नवगछिया पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी सफलता मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

  

Related Articles

Post a comment