नवगछिया बस स्टैंड को लेकर बढ़ा विवाद, प्रशासन के फैसले पर बस संचालकों का विरोध

भागलपुर: भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस जिला क्षेत्र में बस स्टैंड के स्थानांतरण को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। एक ओर जहां नवगछिया प्रशासन ने नगर निगम कार्यालय के पीछे नए बस स्टैंड से बसों का परिचालन शुरू कराने की तैयारी की है, वहीं दूसरी ओर बस संचालकों और वाहन मालिकों ने इस निर्णय का विरोध जताया है। नवगछिया के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) ने बताया कि इस विषय पर दो दिन पहले प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में नगर निगम के पीछे स्थित स्थान को बस स्टैंड के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि नए स्थान से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर में जाम की समस्या कम होगी।

लाइसेंसधारी बस संचालकों और वाहन मालिकों का कहना है कि जहां पहले से बस स्टैंड संचालित हो रहा था, वहीं व्यवस्था बेहतर थी। उनका कहना है कि बस स्टैंड को शहर से दूर स्थानांतरित करने से यात्रियों को आने-जाने में परेशानी होगी। साथ ही बसों को पर्याप्त सवारी भी नहीं मिल पाएगी, जिससे उनके व्यवसाय पर सीधा असर पड़ेगा बस संचालकों ने प्रशासन से पुराने बस स्टैंड को ही जारी रखने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी भी निर्णय से पहले संबंधित पक्षों की राय लेना आवश्यक था। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या जिला प्रशासन और नवगछिया पुलिस बस संचालकों की मांगों पर पुनर्विचार करेगी या फिर नगर निगम के पीछे ही नए बस स्टैंड का संचालन जारी रहेगा। फिलहाल इस मुद्दे पर स्थानीय लोगों, यात्रियों और बस संचालकों की निगाहें प्रशासन के अगले फैसले पर टिकी हुई हैं।

  

Related Articles

Post a comment