किशनगंज के लकड़ी डिपो इलाके में नशे का कारोबार, पुलिस और एसएसबी ने संयुक्त कार्रवाई में..., एक महिला गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 30-Aug-2026
- Views
किशनगंज: भारत-नेपाल सीमा से सटे किशनगंज जिले के गलगलिया थाना क्षेत्र के लकड़ी डिपो इलाके में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार सुबह एसएसबी और गलगलिया पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, टीम ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर संदिग्ध ठिकानों और घरों में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान एक घर से करीब 50 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद होने की जानकारी सामने आई है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 41वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट के निर्देशन में सहायक कमांडेंट अरविंद कुमार के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में इंस्पेक्टर रैमीज राजा की टीम, भातगांव एसएसबी और गलगलिया थानाध्यक्ष राकेश कुमार अपने टीम के साथ भी शामिल रहे। संयुक्त टीम ने लकड़ी डिपो इलाके में सुबह से ही तलाशी अभियान चलाया।
सूत्रों के मुताबिक, तलाशी के दौरान शबाना खातून, पत्नी मुश्ताक अहमद के घर से करीब 50 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर, तीन खाली पैकेट, कुछ नकदी और एक वजन तौल मशीन बरामद होने की जानकारी है। बरामद सामग्री को लेकर पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जांच एवं आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, शबाना खातून के परिवार का नाम पूर्व में भी ब्राउन शुगर से जुड़े मामले में सामने आ चुका है। बताया जा रहा है कि उनके पति मोहम्मद मुश्ताक और बेटे मोहम्मद सौरव को पहले भी ब्राउन शुगर से जुड़े मामले में पकड़ा जा चुका है और दोनों लंबे समय से संबंधित मामले में जेल में हैं। हालांकि, पूर्व मामले की विस्तृत कानूनी स्थिति की आधिकारिक पुष्टि संबंधित रिकॉर्ड से ही स्पष्ट होगी।
सीमावर्ती क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ एसएसबी और पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई के बाद लकड़ी डिपो इलाके में हड़कंप मच गया। सुरक्षा एजेंसियों की ओर से मामले की जांच जारी है और बरामद सामग्री के संबंध में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


Post a comment