पूर्णिया के कसबा में नदी में बहता मिला महिला का शव, इलाके में सनसनी
- by Manjesh Kumar
- 16-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: पूर्णिया के कसबा थाना क्षेत्र के गेरवा घाट में रविवार की सुबह नदी में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब 8 बजे स्थानीय लोगों की नजर नदी में बह रहे शव पर पड़ी। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना कस्बा थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, शव एक महिला का है, जिसकी उम्र करीब 30 से 35 वर्ष के आसपास बताई जा रही है।
महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। उसके दाहिने हाथ पर बने टैटू में मीरा देवी और दयानंद लिखा हुआ बताया जा रहा है, जबकि बाएं हाथ पर त्रिशूल का निशान मौजूद है। इन पहचान चिह्नों के आधार पर पुलिस महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, महिला की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुट गई है। शव नदी में कैसे पहुंचा, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले में आगे की स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है।


Post a comment