प्रदेश अध्यक्ष को नहीं पता मृत्युंजय तिवारी के इस्तीफे के संबंध में, कहा 'मुझे नहीं दिया...'
- by Manjesh Kumar
- 17-Jul-2026
- Views
पटना: एक तरफ राजधानी पटना के बाकीपुर विधानसभा सीट पर उप चुनाव की गहमागहमी चल रही है तो दूसरी तरफ राजद के प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी से इस्तीफा देने की बात कह कर सनसनी फैला दी है। अपने इस्तीफे की जानकारी उन्होंने वीडियो मैसेज जारी कर दी। अब दूसरे दिन भी मृत्युंजय तिवारी अपने बयान पर अड़े हैं और साफ शब्दों में कहा कि पिछले 20 वर्षों से निःश्वार्थ पार्टी के लिए काम करते रहे लेकिन अब बात सम्मान की हो गई जिसके बाद यह अपमान नहीं सह सकते हैं। वहीं अब इस मामले में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने इस्तीफा दिए जाने के दावा को खारिज कर दिया है और कहा कि इसकी जानकारी मुझे नहीं है। उन्होंने कहा कि मृत्युंजय तिवारी मुझसे मिले भी थे लेकिन उन्होंने ऐसा कोई संकेत नहीं दिया था।
शुक्रवार को मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए राजद के प्रदेश अध्यक्ष मंगनी लाल मंडल ने कहा कि उन्हें इस्तीफे की कोई अधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने टीवी में ही देखा है जबकि मृत्युंजय तिवारी ने मुझे इस्तीफा नहीं दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ही सकता है कि कोई नाराजगी होगी जिसे सुलझा लिया जायेगा। कल वह मुझसे मिले भी थे। उस समय पार्टी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष डॉ सुनील और रणविजय साहू समेत कई नेता मौजूद थे। किसी को भी यह संकेत नहीं दिया गया कि मृत्युंजय तिवारी अगले दिन इस्तीफा देने वाले हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने साफ कहा कि राजद के भीतर किसी तरह का कोई आंतरिक कलह नहीं है और पार्टी पूरी तरह एकजुट है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि मृत्युंजय तिवारी आगे क्या रुख अपनाते हैं और पार्टी नेतृत्व इस पूरे विवाद पर क्या फैसला लेता है। वहीं दूसरी तरफ मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि वह पिछले 20 वर्षों से पार्टी से निःश्वार्थ जुड़े हैं, उन्होंने कभी कुछ लोभ नहीं किया और न ही पार्टी से कुछ मांगा। मृत्युंजय तिवारी ने पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि वह पॉवर सेंटर अपने आसपास रखते हैं। हमने अपनी पीड़ा उनसे रखी लेकिन मेरी बात किसी ने नहीं सुनी। अब बात अपमान तक पहुंच गई है जिसके बाद पार्टी में रुके रहना संभव नहीं है।


Post a comment