बरारी के बरेटा में मॉडल स्कूल का लोकार्पण, अब आधुनिक सुविधाओं के बीच पढ़ेंगे छात्र

कटिहार: शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए बरारी प्रखंड की बरेटा पंचायत स्थित जे.एन.सी. उच्च विद्यालय, बरेटा को बिहार सरकार की मॉडल स्कूल योजना के तहत रविवार को जनता को समर्पित किया गया। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वर्चुअल माध्यम से विद्यालय का लोकार्पण किया, जबकि विद्यालय परिसर में आयोजित स्थानीय समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह के दौरान बरारी विधायक विजय कुमार सिंह ने फीता काटकर उद्घाटन की औपचारिकता पूरी की।

उन्होंने कहा कि मॉडल स्कूल बनने से क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं, बेहतर संसाधन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षण वातावरण मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को अब बेहतर शिक्षा के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। साथ ही छात्रों से मेहनत और अनुशासन के साथ पढ़ाई कर विद्यालय व क्षेत्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया। प्रखंड विकास पदाधिकारी धीरेंद्र कुमार धीरज ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मॉडल स्कूल योजना का उद्देश्य ग्रामीण विद्यालयों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर छात्रों को शहरों जैसी शिक्षा उपलब्ध कराना है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी राजकुमार सिंह ने विद्यालय परिवार से शिक्षा की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षक, अभिभावक और समाज के सामूहिक प्रयास से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव है।

कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि राजीव चौधरी, मुखिया प्रतिनिधि जोहोर आलम, राजीव भारती, शांति जायसवाल, बकरुद्दीन अंसारी, मो. जहांगीर, जयप्रकाश यादव, संजय सिंह, अखिलेश सिंह, विद्यालय के प्रधानाध्यापक बीरबल कुमार यादव, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। समारोह के दौरान विद्यालय के मॉडल स्कूल के रूप में विकसित होने पर स्थानीय लोगों ने खुशी जताई और इसे क्षेत्र की शिक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

  

Related Articles

Post a comment