बिजली की समस्याओं को लेकर विधायक मिले NBPDCL के MD से, रखी कई मांग
- by Manjesh Kumar
- 25-May-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी विधायक अजीत कुमार ने सोमवार को पटना स्थित नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार से मुलाकात कर कांटी एवं मड़वन प्रखंड की विद्युत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। विधायक ने क्षेत्र में लंबित कृषि फीडर कार्य को शीघ्र पूरा कराने, जर्जर विद्युत केबल बदलने तथा बांस-बल्ले के सहारे चल रहे बिजली कनेक्शनों को स्थायी पोल लगाकर दुरुस्त कराने की मांग रखी।
मुलाकात के दौरान विधायक ने कहा कि कई गांवों में लो वोल्टेज की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने एक दर्जन से अधिक स्थानों पर अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की आवश्यकता बताई, ताकि बिजली आपूर्ति सुचारु हो सके। इसके अलावा विधायक ने गरीब बस्तियों में झोपड़ियों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट एवं एलटी लाइन को सड़क किनारे शिफ्ट कराने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि खुले और जर्जर तारों के कारण हमेशा हादसे की आशंका बनी रहती है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने विधायक की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कृषि फीडर कार्य शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। साथ ही विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर विस्तृत प्रतिवेदन भी तलब किया गया है।


Post a comment