मुजफ्फरपुर एसएसपी ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, लापरवाही बरतने वाले थानेदारों को दी चेतावनी

मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने जिले में कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में जिले के सभी डीएसपी, इंस्पेक्टर और सभी थानों के थानाध्यक्ष मौजूद रहे। बैठक के दौरान शहर की सुरक्षा व्यवस्था, आपराधिक वारदातों और कांडों के निष्पादन की गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिन थानों में आपराधिक घटनाओं में कमी आई और कांडों का तेजी से निष्पादन हुआ, वहां के थानेदारों की पुलिस कप्तान ने सराहना की। वहीं दूसरी ओर, कार्य में शिथिलता बरतने और लंबित मामलों को लटका कर रखने वाले कई थानाध्यक्षों को जम कर फटकार लगाई गई। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को कुर्की-जब्ती और लंबित मुकदमों के त्वरित निष्पादन का सख्त निर्देश दिया।

लापता महिलाओं व बच्चियों की रिकवरी पर विशेष जोर

बैठक में हाल के दिनों में शहर से गायब हो रही महिलाओं और बच्चियों के मामलों पर भी गंभीर चर्चा हुई। चाहे मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो या इसके पीछे कोई अन्य वजह हो, पुलिस कप्तान ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऐसे मामलों को प्राथमिकता पर लेते हुए जल्द से जल्द गुमशुदा लोगों की बरामदगी (रिकवरी) सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए भी दिशा-निर्देश दिए गए।

कांवर यात्रा को लेकर भी हुई चर्चा

उत्तर बिहार का देवघर कहे जाने वाले बाबा गरीबनाथ मंदिर में श्रावणी मास के दौरान होने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को लेकर भी बैठक में विस्तृत रणनीति बनी। सारण के पहलेजा घाट से जल लेकर 85 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर पहुंचने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा पर चर्चा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि सोमवार को जलाभिषेक करने वाले शिवभक्तों को रास्ते में किसी भी तरह की विधि-व्यवस्था या सुरक्षा संबंधी समस्या का सामना न करना पड़े।

अपराध नियंत्रण और त्वरित न्याय पहली प्राथमिकता

बैठक के अंत में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना और आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को सतर्क रहकर गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का आदेश दिया, ताकि मुजफ्फरपुर में अपराध पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके

मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment