सात जून को नेत्रदान-देहदान जागरुकता अभियान की तैयारी को लेकर बैठक
- by Manjesh Kumar
- 31-May-2026
- Views
पूर्णिया: दधीचि देहदान समिति द्वारा आगामी 7 जून को आयोजित होने वाले ब्लाइंड वॉक एवं नेत्रदान-देहदान जनजागरूकता अभियान की तैयारी को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता डॉ ए के गुप्ता ने की। इस अवसर पर बिहार प्रदेश दधीचि देहदान समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ अनिल कुमार गुप्ता ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए इसे जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा सीमांचल क्षेत्र में नेत्रदान और नेत्र बैंक की आवश्यकता पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पूर्णिया सहित पूरे सीमांचल क्षेत्र में हजारों लोग कॉर्निया संबंधी समस्याओं के कारण दृष्टिबाधित जीवन जीने को विवश हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर नेत्र बैंक की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें समय पर सहायता नहीं मिल पाती।
उन्होंने गहरा अफसोस व्यक्त करते हुए बताया कि हाल ही में एक ऐसा मामला सामने आया जिसमें एक परिवार ने नेत्रदान के लिए अपनी सहमति दे दी थी और दाता भी उपलब्ध था लेकिन पूर्णिया में आवश्यक सुविधाओं एवं नेत्र बैंक के अभाव के कारण उस नेत्रदान को साकार नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि केवल एक घटना नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था की एक बड़ी चुनौती है। डॉ गुप्ता ने कहा कि यदि पूर्णिया में नेत्र बैंक की स्थापना हो जाती है तो न केवल सीमांचल बल्कि आसपास के जिलों के हजारों जरूरतमंद मरीजों को लाभ मिलेगा। उन्होंने समाज, प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आह्वान किया तथा कहा कि नेत्रदान और देहदान के प्रति जागरूकता के साथ-साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाओं का विकास भी समय की मांग है।
बैठक में उपस्थित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक, शैक्षणिक, खेल, महिला संगठन ने अपने विचार व्यक्त किए तथा कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सहयोग का आश्वासन दिया। दधीचि देहदान समिति, पूर्णिया के पैट्रन सुमित प्रकाश ने अपने संबोधन में समिति की स्थापना से लेकर अब तक की यात्रा पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय सुशील मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में दधीचि देहदान आंदोलन को नई दिशा मिली, जिसके परिणामस्वरूप आज यह अभियान समाज में एक जनजागरूकता आंदोलन के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने बताया कि नेत्रदान एवं देहदान के प्रति लोगों को जागरूक करना आसान कार्य नहीं था। इसके लिए समिति के कार्यकर्ताओं ने वर्षों तक घर-घर जाकर लोगों को जागरूक किया, अनेक बैठकों, संगोष्ठियों एवं जनसंपर्क अभियानों का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिश्रम, निरंतर जनजागरण और समाज के सहयोग के कारण हमलोगों को सफलता मिल रही है।
सुमित प्रकाश ने कहा कि यह उपलब्धि केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि उन कार्यकर्ताओं की वर्षों की मेहनत, समर्पण और सेवा भावना का प्रमाण है, जिन्होंने मानवता के इस महाअभियान को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पूर्णिया में नेत्रदान और देहदान की संख्या और बढ़ेगी तथा नेत्र बैंक की स्थापना का सपना भी साकार होगा। बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि सुमन कुमार ने कहा कि अधिवक्ता समाज हमेशा जनहित के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने घोषणा की कि 7 जून को आयोजित ब्लाइंड वॉक में बार एसोसिएशन के सदस्य बड़ी संख्या में भाग लेंगे और नेत्रदान-देहदान के संदेश को समाज के हर वर्ग तक पहुँचाने का कार्य करेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के जिला प्रवक्ता तौफीक आलम ने कहा कि उन्हें इस बात का दुख है कि नेत्रदान एवं देहदान जैसे मानवता से जुड़े कार्यों में मुस्लिम समुदाय की भागीदारी अभी अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने कहा कि जागरूकता के अभाव में अनेक लोग इन महादानों के महत्व को नहीं समझ पाते हैं। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि वे मुस्लिम समुदाय के बीच व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएंगे तथा लोगों को नेत्रदान एवं देहदान के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने स्वयं भी नेत्रदान एवं देहदान का संकल्प लेते हुए कहा कि समाज में परिवर्तन की शुरुआत स्वयं से होनी चाहिए, ताकि एक सकारात्मक संदेश पूरे समुदाय तक पहुँच सके।
मारवाड़ी महिला संघ की प्रतिनिधियों ने कहा कि महिलाएं परिवार और समाज निर्माण की आधारशिला हैं तथा इस अभियान में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। बिहार युवा रक्षा वाहिनी संघ, विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ, श्रीराम सेवा संघ, ग्रीन पूर्णिया तथा जनमन पीपल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में उपस्थित सभी वक्ताओं ने कहा कि नेत्रदान एवं देहदान मानवता की सर्वोच्च सेवा है। एक व्यक्ति का नेत्रदान किसी दृष्टिहीन व्यक्ति को नई रोशनी दे सकता है, जबकि देहदान चिकित्सा शिक्षा औरसंधान के क्षेत्र में अमूल्य योगदान प्रदान करता है। इसलिए समाज के प्रत्येक वर्ग को इस पुनीत कार्य से जुड़ना चाहिए। बैठक में रोटरी क्लब पूर्णिया के पूर्व अध्यक्ष, डिस्ट्रिक्ट एथलेटिक एसोसिएशन के सचिव विजय शंकर, प्रसाद सिंह, जितेंद्र कुमार, कविश कुमार, ऋतुराज आनंद, मयाकांत झा, गायत्री, सुजीत चौधरी, तौफीक आलम जिला प्रवक्ता, भाजपा संजीव कुमार मिश्रा, संजय कुमार सिंह ग्रीन पूर्णिया सौरभ अग्रवाल, मोहित अग्रवाल, पविता डुकानिया, चंपा डुकानिया, सुमित प्रकाश पैट्रन, दधीचि देहदान समिति सम्राट कुमार, रणमंगेश सिंह, नमित कुमार, गुड्डू चौधरी, विक्की गोस्वामी, आशीष गोस्वामी, विजय कुमार, अमरेंद्र कुमार, काजल कुमारी, पूजा कुमारी, कृति कुमारी, कमल रंजन, नितेश कुमार, पूजा चौधरी, सपना सिन्हा दधीचि ग्रुप निशा कुमारी दीक्षित, भाजपा महिला मोर्चा की माला, डॉ अक्षय शर्मा, समिति की जिला अध्यक्ष हीना शाहिद, प्रियंका कुमारी सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में 7 जून को आयोजित होने वाली ब्लाइंड वॉक को सफल बनाने, नेत्रदान एवं देहदान के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता फैलाने तथा अधिकाधिक लोगों को इस महाअभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।


Post a comment