दो दिन पहले ही दिल्ली से आया था मजदूर तालाब में डूब कर हो गई मौत, घर में है दो दिव्यांग बेटा

शेखपुरा: प्रखंड क्षेत्र के अंबारी गांव में बड़ी तालाब में डूबने से 45 वर्षीय रविन्द्र महतो की मौत हो गई। मृतक स्वर्गीय ज्ञानधारी महतो के पुत्र थे और दिल्ली में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। वह महज दो दिन पहले ही दिल्ली से अपने गांव लौटे थे। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार रविन्द्र महतो शुक्रवार की रात से घर से लापता थे। परिजन उनकी तलाश कर रहे थे। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे ग्रामीणों ने बड़ी तालाब में उनका शव तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी, सब इंस्पेक्टर गणेश प्रसाद, सुमन गंगन पासवान सहित पुलिस बल मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला। मृतक के चचेरे भाई प्रसादी महतो ने आशंका जताई कि रात में शौच के लिए तालाब किनारे जाने के दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चले गए होंगे। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी। मृतक के दो पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्री शादीशुदा है, जबकि दोनों बेटे दिव्यांग बताए जा रहे हैं। 11 वर्षीय पुत्र मानसिक दिव्यांगता व पैरालिसिस से पीड़ित है, जबकि तीन वर्षीय छोटा पुत्र भी मानसिक एवं शारीरिक दिव्यांगता से जूझ रहा है। परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

  

Related Articles

Post a comment