मवेशी चराने गए किसान की संदिग्ध हालत में मौत, परिजनों ने कहा 'बिजली करंट की चपेट में आने की वजह से...'
- by Manjesh Kumar
- 27-May-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खरसौता पंचायत के हांसोपारा गांव में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के एक व्यक्ति का शव मखाना खेत के समीप सड़क किनारे संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मृतक की पहचान गांव निवासी 55 वर्षीय हरीफा मंडल के रूप में की गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।
मृतक के पुत्र बबलू मंडल ने बताया कि उनके पिता बुधवार को घर से मवेशी चराने के लिए अमना बहयार की तरफ गए थे। इसी दौरान खेत के पास स्थित बिजली खंभे में लगे अर्थिंग तार में करंट प्रवाहित हो रहा था, जो मखाना खेत के पानी में फैल गया। आशंका जताई जा रही है कि करंट की चपेट में आने से हरीफा मंडल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि एक दिन पूर्व भी उसी स्थान पर एक मवेशी को करंट लगने की घटना हुई थी, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। यदि समय रहते समस्या का समाधान किया जाता, तो शायद यह हादसा टाला जा सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।
बताया जा रहा है कि घटना बंगाल सीमा क्षेत्र के समीप हुई है, हालांकि सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया था तथा पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
कटिहार से जयप्रकाश भगत की रिपोर्ट


Post a comment