खेत पटवन को लेकर दो पक्षों में खूनी भिड़ंत, धारदार हथियार के हमला से युवक गंभीर रूप से घायल

शेखपुरा: जिले के करंडे थाना क्षेत्र में बुधवार को खेत पटवन को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और हसुआ से हमला कर एक युवक को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना में साजन केवट गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। वहीं दूसरे पक्ष से अक्षय कुमार के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। घायल साजन केवट की पत्नी ने आरोप लगाया कि खेत में पटवन के दौरान महेंद्र चौधरी, अक्षय कुमार और सोनरवा देवी ने हसुआ से साजन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में साजन केवट को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सक डॉ रजनीकांत कुमार ने प्राथमिक उपचार के बाद साजन की हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए पावापुरी रेफर कर दिया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। करंडे थानाध्यक्ष ममता गिरि ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। आवेदन मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।

  

Related Articles

Post a comment