बिजली आपूर्ति में कटौती से परेशान उपभोक्ता उतरे सड़क पर, अधिकारियों के आश्वासन के बाद हटे

कटिहार: भीषण गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से नाराज सेमापुर क्षेत्र के बिजली उपभोक्ताओं का आक्रोश शुक्रवार को सड़क पर फूट पड़ा। अनियमित बिजली आपूर्ति के विरोध में सैकड़ों उपभोक्ताओं ने सेमापुर बाजार स्थित पटेल चौक पर बांस-बल्ला लगाकर सड़क जाम कर दी तथा टायर जलाकर बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ और दोपहर 1 बजे तक चला, जिससे लगभग पांच घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा।

प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग के विरुद्ध नारे लगाते हुए क्षेत्र में नियमित और पर्याप्त बिजली आपूर्ति की मांग की। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के एसडीओ अमिताभ कुमार, सीओ मनीष कुमार, कनीय विद्युत अभियंता सेमापुर तथा सेमापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम समाप्त कराया। इस दौरान उपभोक्ताओं की ओर से राहुल सिंह, आशु राजा, अखिलेश सिंह, संजय सिंह, बालकृष्ण पटेल, जिला परिषद सदस्य प्रतिनिधि शारिब खान, समाजसेवी जैकी सिंह, कन्हैया सिंह, भाजपा नेत्री शांति जायसवाल, चंदन चौधरी, अफरोज अंसारी एवं शोले जायसवाल समेत अन्य लोगों ने अधिकारियों को चार सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।

उपभोक्ताओं की प्रमुख मांगें

  • सेमापुर पावर हाउस से मकईपुर की ओर कोलासी-मथुरा का कनेक्शन तत्काल काटा जाए।
  • सेमापुर पावर हाउस को कटिहार इंडस्ट्रियल फीडर से जोड़ा जाए।
  • सेमापुर क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम 22 घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
  • क्षेत्र में लंबे समय से बनी लोड सेटिंग की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो बिजली उपभोक्ता संघ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी। मौके पर एसडीओ अमिताभ कुमार ने लोगों को आश्वस्त किया कि अगले 15 दिनों के भीतर बिजली तारों को मजबूत करने का कार्य किया जाएगा। इसके बाद क्षेत्र को फुल पावर पर बिजली उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

गौरतलब है कि भीषण गर्मी और लगातार बिजली कटौती को लेकर हाल के दिनों में क्षेत्र में जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है। करीब 15 दिन पूर्व बरारी नगर पंचायत में भी लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जबकि गुरुवार को जगदीशपुर पंचायत में भी टायर जलाकर बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताया गया था। लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शन से क्षेत्र में बिजली व्यवस्था को लेकर लोगों की नाराजगी साफ दिखाई दे रही है।

  

Related Articles

Post a comment