बिहार के कटिहार में बाबा गोरखनाथ धाम में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, आस्था के सैलाब में झूमे श्रद्धालु
- by Manjesh Kumar
- 24-Aug-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक बाबा गोरखनाथ धाम मंदिर में सावन की चतुर्थ सोमवारी के अवसर पर बिहार सरकार के पर्यटन विभाग की ओर से कांवरियों और श्रद्धालुओं के स्वागत में हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। हेलीकॉप्टर मंदिर परिसर के ऊपर से गुजरा और श्रद्धालुओं पर आसमान से फूलों की बारिश की गई। पुष्प वर्षा होते ही मंदिर परिसर में मौजूद लाखों श्रद्धालु उत्साह और भक्ति में झूम उठे। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं में पुष्प वर्षा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में कटिहार सदर से बीजेपी विधायक तारकेश्वर प्रसाद, प्राणपुर विधायक निशा सिंह तथा बलरामपुर विधायक संगीता देवी सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में पर्यटन विभाग द्वारा ऐतिहासिक बाबा गोरखनाथ धाम को धार्मिक पर्यटन के रूप में विकसित करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। चतुर्थ सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं और कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी रही। सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। कटिहार एडीएम सहित बारसोई डीएसपी अजय कुमार और पुलिस बल के जवान मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में तैनात रहे। हेलीकॉप्टर से हुई पुष्प वर्षा सावन की चतुर्थ सोमवारी के आयोजन का विशेष आकर्षण बनी।


Post a comment