कन्याकुमारी में गूंजेगा NCP का संदेश, यूपी महासचिव कामिनी शर्मा लहरायेंगी पार्टी का झंडा
- by Manjesh Kumar
- 09-Jul-2026
- Views
लखनऊ: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) अजित पवार गुट की उत्तर प्रदेश महासचिव कामिनी शर्मा अब पार्टी की आवाज को देश के दक्षिणी छोर तक पहुंचाने की तैयारी में हैं। कामिनी शर्मा कन्याकुमारी में पार्टी का झंडा फहराकर संगठन की मजबूती और राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगी। इस खास मौके पर उनके साथ करीब 50 महिला और पुरुष का दल भी मौजूद रहेगा। यह कार्यक्रम संगठन विस्तार और पार्टी की विचारधारा को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने के अभियान का हिस्सा है। कन्याकुमारी जैसे ऐतिहासिक स्थान से पार्टी का झंडा फहराना कार्यकर्ताओं के लिए एक उत्साहजनक अवसर माना जा रहा है।
कामिनी शर्मा ने कहा कि राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नीतियों और संगठन को मजबूत करने के लिए वह लगातार जमीनी स्तर पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी राजनीति में बढ़ाना और समाज के हर वर्ग की आवाज को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कन्याकुमारी दौरे में उत्तर प्रदेश से जुड़े कई महिला और पुरुष भी शामिल होंगे। यह दल पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता और एकजुटता का प्रदर्शन करेगा।
राजनीतिक जानकारों की मानें तो किसी राष्ट्रीय पार्टी के पदाधिकारी द्वारा देश के अलग-अलग हिस्सों में जाकर संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाना कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा पैदा करता है। कन्याकुमारी से होने वाला यह कार्यक्रम NCP अजित पवार गुट के लिए उत्तर प्रदेश से लेकर दक्षिण भारत तक संगठनात्मक जुड़ाव का संदेश देने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है। कामिनी शर्मा की इस पहल को पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह के रूप में देखा जा रहा है। महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में इसे एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


Post a comment