कांवरियों की सेवा शिव की सेवा के समान, पूर्णिया मेयर ने सेवा शिविर का किया उद्घाटन
- by Manjesh Kumar
- 30-Jul-2026
- Views
पूर्णिया: श्रावण मास के प्रथम दिन जीरोमाइल, गुलाबबाग स्थित संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर में महापौर विभा कुमारी ने कांवरिया सेवा शिविर शुभारंभ किया। इस मौके पर मंदिर कमेटी के अध्यक्ष बालेश्वर यादव, कोषाध्यक्ष देवेंद्र चोपड़ा, जितेंद्र यादव, मंदिर के पुजारी बाबा आदि मुख्य रूप से उपस्थित रहे। पंडितों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद महापौर विभा कुमारी एवं जितेंद्र यादव ने संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर महापौर विभा कुमारी ने कहा कि संकटमोचन पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में पिछले एक दशक से अधिक समय से पूरे श्रावण माह के दौरान कांवरिया सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। सेवा और समर्पण की यह परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि हिन्दू धर्म में सावन माह का विशेष महत्व है। भगवान शिव ही ब्रह्मा, विष्णु और महेश के स्वरूप हैं तथा नर सेवा को नारायण सेवा माना गया है। कांवरियों की सेवा करना भगवान शिव की सेवा के समान है। उन्होंने बताया कि शिविर में कांवरियों के लिए चाय, शुद्ध पेयजल, दवा, प्राथमिक उपचार, रात्रि विश्राम सहित विभिन्न आवश्यक सुविधाओं की निःशुल्क व्यवस्था की गई है। शिविर के सदस्य एवं कार्यकर्ता दिन-रात कांवरियों की सेवा में पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं। उन्होंने आम लोगों से भी कांवरियों की सेवा में सहयोग करने की अपील की।
जितेंद्र यादव ने कहा कि कांवरियों की सेवा हमारी धार्मिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। बाबा भोलेनाथ के दर्शन के लिए दूर-दूर से पैदल यात्रा कर आने वाले शिवभक्तों को रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सेवा शिविर के माध्यम से हरसंभव सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में कांवरियों की सेवा करने से मन को आध्यात्मिक संतुष्टि मिलती है और समाज में सेवा, सद्भाव एवं सहयोग की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि शिविर में आने वाले प्रत्येक कांवरिया को अपने परिवार के सदस्य की तरह सेवा और सम्मान देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ‘सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है’ और इसी भावना के साथ पूरे श्रावण मास कांवरियों की सेवा जारी रहेगी। उन्होंने शिविर से जुड़े सभी सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं को इस पुनीत कार्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्य रूप से मंदिर कमेटी के सदस्य राजू लोहिया, दिलीप यादव, प्रेम कुमार राय, रंजीत सिंह, बहादुर यादव, जनार्दन त्रिवेदी, सतीश साह, मंदिर के पुजारी बाबा, बबलू चैधरी, रूपेश डुंगरवाल, राजू लोहिया, विक्रम सिंह, पप्पू यादव, कन्हैया रस्तोगी, संजीत महतो, वार्ड पार्षद राकेश राय, अर्जुन सिंह, राजीव रंजन सहाय उर्फ बबलू सहाय, गुलाब हुसैन सहित मंदिर समिति के पदाधिकारी, शिविर के सदस्य, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।


Post a comment