तीन वर्षों में कांटी नगर परिषद को प्रदेश में बनाएंगे अव्वल : अजीत कुमार
- by Manjesh Kumar
- 10-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी नगर परिषद क्षेत्र के सभी 26 वार्डों में तेजी से समग्र विकास किया जाएगा। अगले तीन वर्षों में कांटी नगर परिषद को प्रदेश के मानचित्र पर अव्वल बनाने का लक्ष्य है। नगरवासियों को जलजमाव की समस्या से जल्द निजात दिलाने के लिए लगातार नाला निर्माण कराया जा रहा है। उक्त बातें सोमवार को स्थानीय विधायक सह पूर्व मंत्री ई अजीत कुमार ने कहीं। वे वार्ड 26 नरसंडा में दो तथा वार्ड 12 कांटी कोठियां में एक नाला निर्माण कार्य का शिलान्यास करने के बाद लोगों को संबोधित कर रहे थे।
विधायक ने कहा कि तीनों नालों का निर्माण करीब 60 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा। उन्होंने संबंधित वार्ड के लोगों से निर्माण कार्य की सतत निगरानी करने की अपील की। साथ ही संवेदकों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नालों को मुख्य नाली से अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए, ताकि जल निकासी सुचारू रहे और बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या नहीं हो। अजीत कुमार ने स्पष्ट कहा कि नाला निर्माण में किसी भी तरह की गड़बड़ी या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिकायत या जांच में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संवेदक के साथ जेई एवं जिम्मेदार अधिकारी पर भी कार्रवाई होगी।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में जर्जर विद्यालयों की मरम्मत, वृद्धाश्रम, पार्क समेत कई जनोपयोगी और विकासात्मक योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा। नगरवासियों को सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं। शिलान्यास स्थल पर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने विधायक अजीत कुमार का स्वागत किया और नाला निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए आभार जताया। मौके पर सभापति दिलीप कुमार, उपसभापति अजय कुमार गुप्ता, पार्षद इनरदेव राम उर्फ पप्पू राम, संजय साह, संतोष पासवान, आनंद राज, विजय राम, शंभू राम, पार्षद प्रतिनिधि विनोद सहनी, नितेश चंद्रा, विश्वनाथ प्रताप सिंह, रामानंद कुशवाहा, शिव कुमार सहनी, रमन कुशवाहा, विशाल कुमार, रामधारी प्रसाद समेत सैकड़ों स्थानीय लोग उपस्थित थे।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment