प्रेम प्रसंग में थाना पहुंचे प्रेमी प्रेमिका, हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद अस्पताल पहुंचा युवक

शेखपुरा: जिले के बाजिदपुर स्थित महिला थाना में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब काउंसलिंग के लिए बुलाए गए एक युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने का प्रयास किया। युवक की पहचान कटारी गांव निवासी मुकेश सिंह के पुत्र माधव मुरारी के रूप में हुई है, जो फिलहाल महादेव नगर में किराए के मकान में रहता है। जानकारी के अनुसार, सारे थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती शेखपुरा में किराए के मकान में रहती है। युवती का दावा है कि वह पिछले चार वर्षों से माधव के साथ रिलेशनशिप में है और उसी से शादी करना चाहती है। शिकायत के बाद महिला थानाध्यक्ष रिशु कुमारी ने युवक को पूछताछ और काउंसलिंग के लिए थाना बुलाया था।

बताया गया कि युवक अपनी पैंट की दोनों जेबों में जहरीला पदार्थ लेकर थाना पहुंचा था। उसने युवती से अकेले में बात करने की इच्छा जताई। पुलिस की अनुमति के बाद दोनों बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान युवक ने शादी से इनकार किया तो युवती ने मुकदमा दर्ज कराने की बात कही। इसके बाद युवक ने कथित तौर पर जेब से पदार्थ निकालकर मुंह में डाल लिया। घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उसे सदर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चिकित्सकीय जांच में उसके द्वारा जहरीला पदार्थ नहीं खाने की बात सामने आई। युवक की मां पिंकी देवी ने मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने और युवती द्वारा ब्लैकमेल किए जाने का आरोप लगाया है। इधर, डीएसपी ज्योति कुमारी ने जांच के दौरान बताया कि युवक का दो दिन पहले बेगूसराय की एक युवती से भी विवाद सामने आया है और वहां भी मामला दर्ज होने की जानकारी मिली है। डीएसपी ने कहा कि युवक ने जहर नहीं खाया था। पूरे मामले की जांच जारी है और जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

  

Related Articles

Post a comment