पंचायत विकास दिवस पर दक्षिणी भंडारताल में ग्रामसभा, विकास योजनाओं और सुशासन पर हुआ मंथन
- by Manjesh Kumar
- 27-Jul-2026
- Views
कटिहार: बरारी प्रखंड की ग्राम पंचायत राज दक्षिणी भंडारताल में रविवार को पंचायत विकास दिवस के अवसर पर ग्रामसभा का आयोजन किया गया। मुखिया मो इब्राहिम की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पंचायत के समग्र विकास, ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP), वित्तीय पारदर्शिता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर व्यापक चर्चा की गई। ग्रामसभा में ग्रामीणों की सहभागिता के साथ विकास योजनाओं की प्राथमिकताएं तय करने और सुशासन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की शुरुआत मुखिया के स्वागत संबोधन से हुई। इसके बाद पिछली ग्रामसभा की कार्यवाही की पुष्टि करते हुए 15वें वित्त आयोग एवं षष्ठम राज्य वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान राशि, उसके उपयोग और पंचायत में संचालित विकास कार्यों का विस्तृत ब्यौरा ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। पंचायत प्रतिनिधियों ने आय-व्यय की जानकारी साझा करते हुए विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को पंचायत की प्राथमिकता बताया। ग्रामसभा में वित्तीय वर्ष 2026-27 की ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के निर्माण के तहत LSDG विषय-8 'सुशासन युक्त ग्राम पंचायत' पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाओं की प्राथमिकता तय करने, आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने तथा योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए अपने सुझाव दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री ग्रामीण पेयजल निश्चय योजना की भी समीक्षा की गई। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत के अधिकांश हिस्सों में नल-जल योजना सुचारु रूप से संचालित हो रही है, लेकिन कुछ स्थानों पर ऑपरेटरों के भुगतान में विलंब के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस समस्या के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित एजेंसी से आवश्यक कार्रवाई कराने पर सहमति बनी। ग्रामसभा समाप्त होने के बाद उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम का सामूहिक रूप से सीधा प्रसारण देखा। कार्यक्रम में स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार और जनभागीदारी से जुड़े संदेशों को पंचायत स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करने पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान जीविका के माध्यम से संचालित स्वरोजगार एवं महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर द्वारा उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, नियमित स्वास्थ्य जांच और जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रति ग्रामीणों को जागरूक किया गया। ग्रामसभा में पंचायत के विकास कार्यों के सफल संचालन और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन के मार्गदर्शन की सराहना की गई। कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य गुणसागर पासवान, पंचायत सचिव बिट्टू दास, पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत कर्मी, जीविका सीएम, जीविका दीदियां, नल-जल योजना के ऑपरेटर, सभी वार्ड सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Post a comment