बिहार में AI आधारित शिक्षा को लगातार दिया जा रहा बढ़ावा, शिक्षा मंत्री से मिले गूगल फिर एजुकेशन के इंडिया हेड

पटना: बिहार की शिक्षा व्यवस्था को एआई, डिजिटल तकनीक और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल पर चर्चा हुई। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने गूगल फॉर एजुकेशन के इंडिया हेड संजय जैन एवं नीति वर्मा के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में बिहार में गूगल एआई एजुकेटर ट्रेनिंग सीरीज को स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा तक विस्तारित करने पर सैद्धांतिक सहमति बनी। इसके माध्यम से शिक्षकों को एआई और आधुनिक डिजिटल तकनीकों के प्रभावी शैक्षणिक उपयोग के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा। 

गूगल की ओर से बिहार शिक्षा विभाग को निःशुल्क टीचर कैपेसिटी बिल्डिंग एवं ट्रेनिंग उपलब्ध कराने की दिशा में भी सहयोग किया जाएगा। साथ ही चयनित विद्यालयों में एआई लैब्स की स्थापना तथा शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के लिए जेमिनी, नोटबुक एलएम सहित गूगल के विभिन्न एआई एवं डिजिटल टूल्स का निःशुल्क उपयोग उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।

बैठक में विद्यार्थियों के लिए एक सुरक्षित, उम्र के अनुरूप और उन्नत डिजिटल लर्निंग इकोसिस्टम विकसित करने के उद्देश्य से क्रोमबुक्स की तैनाती पर भी विचार-विमर्श किया गया। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि बिहार सरकार का लक्ष्य शिक्षकों और विद्यार्थियों को फ्यूचर रेडी स्किल्स से सशक्त बनाना है, ताकि बिहार की शिक्षा व्यवस्था बदलती तकनीकी दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सके। मुलाकात में शिक्षा विभाग के विशेष सचिव धर्मेंद्र कुमार और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष एस त्यागराजन भी उपस्थित रहें।

  

Related Articles

Post a comment