घोड़ासहन शाखा नहर के दायें तटबंध में क्षति, मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी

अत्यधिक वर्षा और नेपाल से बढ़े जलप्रवाह के कारण हुआ नुकसान, सिंचाई विभाग ने बताया 'जलापूर्ति जल्द होगी बहाल'

पूर्वी चंपारण: पूर्वी चंपारण के घोड़ासहन शाखा नहर के किलोमीटर 27.49 पर दायें तटबंध के क्षतिग्रस्त होने के बाद सिंचाई विभाग ने युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। विभाग के अनुसार, लगातार हो रही बारिश तथा नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में भारी वर्षा के कारण नहर से जुड़ी नदियों—औरिया, तिलावे सहित अन्य जलधाराओं का जलस्तर अचानक बढ़ गया। इससे नहर में जलप्रवाह सामान्य से अधिक हो गया और एक पुराने आउटलेट के पास तटबंध में क्षति उत्पन्न हो गई। कार्यपालक अभियंता, घोड़ासहन नहर प्रमंडल, रक्सौल द्वारा जारी प्रतिवेदन के अनुसार, अभियंताओं की सतत निगरानी के दौरान रात में तटबंध की मिट्टी धंसने और ब्रीच होने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। इसके बाद तत्काल नहर का जलप्रवाह शून्य कर आवश्यक रेगुलेटर खोले गए और मरम्मत कार्य प्रारंभ कर दिया गया।

विभाग ने स्पष्ट किया है कि तटबंध क्षतिग्रस्त होने के बावजूद आवागमन पूरी तरह बाधित नहीं हुआ है, क्योंकि मुख्य सड़क दायें तटबंध पर सुरक्षित है। वहीं, खेतों में गया पानी आगे नदी की ओर प्रवाहित हो रहा है, जिससे किसानों की फसलों को किसी बड़े नुकसान की आशंका नहीं है। सिंचाई विभाग के अनुसार, क्षतिग्रस्त स्थान को बंद कर दिया गया है तथा तटबंध को मजबूत करने का कार्य तेजी से चल रहा है। विभाग का लक्ष्य अगले दिन दोपहर तक मरम्मत कार्य पूरा कर शाम से नहर में पुनः जलापूर्ति शुरू करने का है।

  

Related Articles

Post a comment