कटिहार में ढाई हजार लीटर से अधिक संदिग्ध ज्वलनशील पदार्थ जब्त, एक तस्कर भी गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 10-Jul-2026
- Views
कटिहार: कटिहार जिले के अमदाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 सौ 50 लीटर संदिग्ध ज्वलनशील पदार्थ और 35 लीटर डीजल बरामद किया है। यह कार्रवाई स्मैक तस्करी मामले में गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर की गई। पूरे मामले की जानकारी देते हुए मनीहारी डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि अमदाबाद थाना के अपर थानाध्यक्ष विजय कुमार राम, SI मसूदन कुमार, SI भोला कुमार तथा अन्य पुलिस बल ने संयुक्त रूप से भोलामारी गांव में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान 27 सौ 50 लीटर संदिग्ध ज्वलनशील तरल पदार्थ और 35 लीटर डीजल बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, इससे पहले इसी मामले में 203 ग्राम स्मैक बरामद की गई थी। मुख्य आरोपी मुबारक को पश्चिम बंगाल के हरिश्चंद्रपुर से गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर दोबारा छापेमारी कर यह बड़ी बरामदगी की गई। पुलिस ने आरोपी के पास से 2.06 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं। बरामद ज्वलनशील पदार्थ का नमूना जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा कि यह नकली पेट्रोल है या कोई अन्य ज्वलनशील पदार्थ। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है


Post a comment