मुजफ्फरपुर में फर्जी आधार कार्ड समेत जाली दस्तावेजों पर पासपोर्ट बनवाने के आरोप में दो गिरफ्तार
- by Manjesh Kumar
- 02-Oct-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर में फर्जी आधार कार्ड बनाने और जाली दस्तावेजों के आधार पर विदेशी नागरिकों का पासपोर्ट बनवाने के मामले में पुलिस ने दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान एक दुकान से लैपटॉप, यूआईडीएआई मशीन, फिंगरप्रिंट स्कैनर, आई स्कैनर समेत कई उपकरण और आठ मूल आधार कार्ड बरामद किए हैं। मामले को लेकर नगर एसडीपीओ-1 सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के मोतीझील स्थित उमा मार्केट के कन्हाई कम्युनिकेशन में अवैध रूप से दस्तावेजों में छेड़छाड़ कर फर्जी आधार कार्ड तैयार किए जा रहे हैं। इसके साथ ही अन्य दस्तावेजों से संबंधित कार्य भी अनधिकृत तरीके से किए जा रहे थे।
सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने कन्हाई कम्युनिकेशन में छापेमारी की। इस दौरान दुकान से साहिल कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दुकान की तलाशी ली, जहां से फर्जी दस्तावेज तैयार करने में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण और आठ मूल आधार कार्ड बरामद किए गए। वहीं, गिरफ्तार साहिल कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे अभियुक्त शिवकुमार पंडित को छपरा स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों अभियुक्तों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। साथ ही, विदेशी नागरिकों के लिए जाली दस्तावेजों के आधार पर पासपोर्ट बनवाने के मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।


Post a comment