1 लाख रूपये घूस लेते हुए एक्जीक्यूटिव इंजीनियर को निगरानी ने दबोचा, आवास से मिले करोड़ों के...
- by Manjesh Kumar
- 03-Sep-2026
- Views
पटना: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार राज्य शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड (BSEIDC), पूर्णिया के कार्यपालक अभियंता बिजेंद्र कुमार मिश्रा को 1.04 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। निगरानी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ सरकारी विद्यालय में निर्माण कार्य के भुगतान के एवज में 2 प्रतिशत कमीशन मांगने की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के बाद निगरानी टीम ने कार्रवाई की और पटना के वेटरनरी कॉलेज के पास गोल्फ क्लब गेट के समीप आरोपी को रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी के पटना के रूपसपुर स्थित आवास की तलाशी भी ली गई। तलाशी के दौरान 8.36 लाख रुपये अतिरिक्त नकद, करीब एक करोड़ रुपये के पारिवारिक निवेश से संबंधित कागजात, Hyundai i20 कार, बैंक लॉकर से जुड़े दस्तावेज और सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं। निगरानी ब्यूरो ने बताया कि मामले में आगे की जांच और तलाशी की कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपी को विशेष न्यायालय, निगरानी पटना के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।


Post a comment