सड़ा खाना परोसा तो भड़के इंजीनियरिंग छात्र, मेस के खिलाफ फूटा गुस्सा
- by Manjesh Kumar
- 04-Aug-2026
- Views
शेखपुरा: जिले के बाजिदपुर स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज में मंगलवार को मेस में खराब भोजन परोसे जाने के विरोध में छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में छात्र कॉलेज परिसर में जुट गए और मेस व्यवस्था के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने की मांग की। छात्रों का आरोप था कि कई दिनों से उन्हें खराब और मानक से कम गुणवत्ता वाला भोजन दिया जा रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद कॉलेज प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे उन्हें आंदोलन करने पर मजबूर होना पड़ा।
प्रदर्शन की सूचना मिलने पर कॉलेज प्रशासन हरकत में आया और पूरे मामले की जानकारी नवनियुक्त प्राचार्य डॉ अनिल सिंह यादव को दी गई। इस बीच जब मीडिया कर्मी कॉलेज पहुंचे तो प्रवेश को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। कॉलेज के प्रभारी अविनाश कुमार ने फोन पर बातचीत में कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों को व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से जानकारी दी जाती है। बाद में उनके द्वारा प्राचार्य का संपर्क नंबर उपलब्ध कराया गया।
प्राचार्य डॉ अनिल सिंह यादव ने फोन पर बताया कि वे पारिवारिक कारणों से पटना में हैं और सोमवार को कॉलेज पहुंचकर छात्रों की समस्याओं का समाधान करेंगे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि मेस में गुणवत्तापूर्ण भोजन नहीं दिया जा रहा है तो मेस संचालक को बदल दिया जाएगा। प्राचार्य के आश्वासन के बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। अब सभी की नजर कॉलेज प्रबंधन की आगामी कार्रवाई और मेस व्यवस्था में होने वाले सुधार पर टिकी है।


Post a comment