सीमावर्ती गलगलिया में सशस्त्र सीमा बल की बड़ी कार्रवाई, भारी मात्रा में संदिग्ध ड्रग्स और हथियार बरामद

किशनगंज: भारत-नेपाल सीमा से सटे गलगलिया क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल रानीडांगा की सीमा चौकी भातगांव, सीमा चौकी निमुगुड़ी, मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल (एएनटीएफ) किशनगंज तथा गलगलियाँ पुलिस की संयुक्त छापेमारी टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थ, ब्राउन शुगर, एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।

बताया गया कि सशस्त्र सीमा बल के खुफिया तंत्र से मिली विश्वसनीय सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने गलगलियाँ क्षेत्र के लकड़ी डिपो इलाके की घेराबंदी कर एक घर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 507 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर तथा 814 ग्राम सफेद पाउडरनुमा संदिग्ध मादक पदार्थ बरामद किया गया। मौके पर की गई प्रारंभिक जांच में पदार्थों के ब्राउन शुगर और एम्फेटामाइन/एमडीएमए श्रेणी के मादक पदार्थ होने के संकेत मिले हैं।

कार्रवाई के दौरान पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने दो लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें मोहम्मद हाशिम  तथा रुकसार खातून शामिल हैं। दोनों से पूछताछ कर बरामद मादक पदार्थों और हथियार से जुड़े अन्य संभावित लोगों एवं नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। छापेमारी के दौरान एक देशी कट्टा, एक जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। बरामद संदिग्ध मादक पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। हालांकि, बरामद पदार्थों की अंतिम प्रकृति और वास्तविक मूल्य की पुष्टि वैज्ञानिक जांच और संबंधित एजेंसियों की आगे की कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में गिरफ्तार लोगों के तार किसी बड़े मादक पदार्थ तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है। सुरक्षा और जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क की अन्य कड़ियों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक, मामले से जुड़े कुछ अन्य संदिग्ध लोगों की पहचान भी की गई है, लेकिन जांच प्रभावित न हो और कार्रवाई सफलतापूर्वक पूरी की जा सके, इसे देखते हुए फिलहाल उनके नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, जांच एजेंसियां मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों, आर्थिक लेन-देन और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही हैं। जांच का दायरा बढ़ाए जाने के साथ आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

यह संयुक्त कार्रवाई 41वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल के कमांडेंट के निर्देशन में सहायक कमांडेंट राशि भारद्वाज के नेतृत्व में की गई। अभियान में सशस्त्र सीमा बल के इंस्पेक्टर रैमीज राजा, गलगलियाँ थाना के थानाध्यक्ष राकेश कुमार, मादक पदार्थ निरोधक कार्यबल (एएनटीएफ) किशनगंज की टीम सहित अन्य अधिकारी और जवान शामिल रहे।गौरतलब है कि गलगलियाँ भारत-नेपाल सीमा से सटा महत्वपूर्ण सीमावर्ती क्षेत्र है। ऐसे संवेदनशील इलाके में भारी मात्रा में संदिग्ध मादक पदार्थों के साथ हथियार और कारतूस की बरामदगी को सुरक्षा एजेंसियां गंभीरता से ले रही हैं। अब जांच का मुख्य केंद्र यह पता लगाना है कि बरामद मादक पदार्थ कहां से लाए गए थे और इन्हें किस नेटवर्क के माध्यम से आगे पहुंचाया जाना था। फिलहाल बरामद सभी सामान और हिरासत में लिए गए दोनों व्यक्तियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए गलगलियाँ थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। मामले में जांच जारी है।

  

Related Articles

Post a comment