सम्राट सरकार ने दो IAS को किया निलंबित, रिशु श्री के पैसे पर कर चुके थे खूब सैर और मस्ती...
- by Manjesh Kumar
- 30-May-2026
- Views
पटना: बिहार में टेंडर घोटाला मामले में धनकुबेर ठेकेदार रिशु श्री की गिरफ्तारी के बाद अब सम्राट सरकार ने सरकारी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई शुरू कर दी है। सम्राट चौधरी की सरकार ने इस मामले में दो IAS योगेश सागर और अभिलाषा शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि ईडी की जांच में खुलासा हुआ था कि रिशु श्री अलग अलग विभागों में सचिव से लेकर नगर आयुक्त तक की मनचाही पोस्टिंग मैनेज करवाता था।
ईडी की जांच में सामने आया है कि ठेकेदार रिशु श्री ने आईएएस योगेश कुमार सागर और उनके 8 रिश्तेदारों को विदेश यात्रा कराई थी। 22 जून 2024 से 30 जून 2024 तक हुई इस यात्रा के दौरान योगेश कुमार सागर और उनके परिवार के लोग ऑस्ट्रिया के वियाना, साल्जबर्ग और वॉल्फगैंग में घूमे थे। वे वहां के बेहद महंगे और आलीशान होटलों में ठहरे थे। इस पूरी हवाई यात्रा और विदेशी होटलों में रुकने पर कुल 21.92 लाख रुपए खर्च हुए थे। इसका पूरा भुगतान ठेकेदार रिशु श्री ने अपनी जेब से किया था।
आईएएस योगेश कुमार सागर 2017 बैच के अधिकारी हैं और निलंबन से पहले समाज कल्याण विभाग में तैनात थे। योगेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के रहने वाले हैं। घोटाले में सस्पेंड होने वाली दूसरी अधिकारी अभिलाषा शर्मा हैं। अभिलाषा ग्रामीण विकास विभाग में जीविका की सीईओ के पद पर कार्यरत थीं। बिहार कैडर की 2014 बैच की आईएएस अधिकारी अभिलाषा के करियर की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्रालय से हुई थी और वह बिहार सरकार में कई महत्वपूर्ण पदों पर काम कर चुकी हैं। वह सीतामढ़ी की डीएम रहने के साथ-साथ वित्त विभाग में संयुक्त सचिव भी रह चुकी हैं। आईएएस अभिलाषा शर्मा के खिलाफ आरोपों की बात करें तो उनके घर की छत पर एक रूफटॉप गार्डन लगवाया गया था। इस बगीचे को बनवाने में जो 9 लाख रुपए का खर्च आया था, इसका पूरा पैसा ठेकेदार रिशु ने दिया था। इसके अलावा रिशु ने इस महिला आईएएस अधिकारी के रिश्तेदारों को गोवा, दिल्ली और हैदराबाद की हवाई सैर कराई और यात्रा का पूरा खर्च उठाया।


Post a comment