कटिहार में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी कट्टा और स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार

कटिहार: कटिहार के बरारी थाना पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार की रात शीशिया गांव में छापेमारी कर अवैध हथियार और स्मैक के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार युवकों की पहचान सहायक थाना क्षेत्र के ललियाही निवासी अनिकेत कुमार और सेमापुर थाना क्षेत्र के काबर कोठी निवासी गोलू कुमार के रूप में हुई है। थानाध्यक्ष सुमेश कुमार ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि शीशिया गांव में दो युवक अवैध हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस बल और एसटीएफ की टीम ने संयुक्त रूप से गांव में छापेमारी की। पुलिस टीम को देखते ही दोनों युवक भागने लगे। हालांकि, जवानों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान उनके पास से एक देशी कट्टा, 5.78 ग्राम स्मैक, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर थाने लाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अनिकेत कुमार का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ प्राणपुर थाना और मध्य निषेध थाना में मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

  

Related Articles

Post a comment