सहयोग शिविर, जनगणना कार्य समेत कई मामलों की डीएम ने की समीक्षा, दिए निर्देश

मुजफ्फरपुर: जिला विकास समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सहयोग शिविरों के संचालन, जनगणना 2027, खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, एलपीजी आपूर्ति, राशन कार्ड सत्यापन तथा जन वितरण प्रणाली की कार्यप्रणाली सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम जनता से जुड़े प्रत्येक आवेदन एवं शिकायत का समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में सहयोग शिविरों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि आगामी 2 मई को जिले की 23 पंचायतों में विशेष सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से आम लोगों की शिकायतों, समस्याओं एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं से संबंधित मामलों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाएगा।

समीक्षा के दौरान यह जानकारी दी गई कि 19 मई को आयोजित सहयोग शिविरों में कुल 9742 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 7635 मामलों का निष्पादन किया जा चुका है। शेष लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने विभागवार एवं पंचायतवार प्राप्त आवेदनों की स्थिति की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि जनता के प्रति जवाबदेही और संवेदनशीलता प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा लाभुकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर सरकार और जनता के बीच विश्वास का माध्यम बन रहे हैं, इसलिए इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आगामी 2 जून को बंदरा प्रखंड की मुन्नी बैंगरी, गायघाट की बाघाखाल, कुढ़नी प्रखंड की लदौड़ा एवं दरियापुर कफेन, मीनापुर की महदेइया, मोतीपुर की परसौनी नाथ एवं कोरीगावां, मुरौल की बिशनपुर श्रीराम, मुसहरी की भिखनपुर एवं सहबाजपुर, कांटी की बहुआरा, पारू की नेकनामपुर एवं मोहब्बतपुर, साहेबगंज प्रखंड की बांगरा निजामत, सरैया की रेवा बसंतपुर दक्षिणी एवं रेवा बसंतपुर उत्तरी, बोचहा की सहिला रामपुर, औराई की भरथुआ एवं डीहजीवर, मड़वन की बड़का गांव दक्षिणी, कटरा की बेरई दक्षिणी तथा सकरा की चंदनपट्टी एवं रूपनपट्टी मथुरा पंचायत शामिल हैं।

9116 HLB में हाउस लिस्टिंग पूर्ण

बैठक में डीएम ने जनगणना 2027 के प्रथम चरण की भी विस्तार से समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक कुल 9116 एचएलबी में हाउस लिस्टिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। इस दौरान लगभग 13 लाख 97 हजार मकानों की सूचीकरण प्रक्रिया पूरी की गई है, जिसमें करीब 62 लाख आबादी को कवर किया गया है। जिलाधिकारी ने सभी चार्ज पदाधिकारियों को लगातार क्षेत्र भ्रमण करने तथा प्रगणकों को सक्रिय एवं सतर्क रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में डाटा की गुणवत्ता सर्वोपरि है। यदि किसी क्षेत्र में नया परिवार निवास करने आता है तो उसे भी सूची में शामिल किया जाए ताकि कोई व्यक्ति जनगणना से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जनगणना का यह कार्य 2 मई से शुरू होकर 31 मई तक चलेगा और इसे पूरी गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाना चाहिए। जनगणना से संबंधित शिकायतों के समाधान हेतु संयुक्त भवन स्थित कमरा संख्या 46 में जनगणना कोषांग स्थापित किया गया है। इसके अतिरिक्त आमजन मोबाइल नंबर 9608401112 पर संपर्क कर अपनी शिकायत या सुझाव दर्ज करा सकते हैं।

खाद्यान्न के उठाव वितरण की गहन समीक्षा

बैठक में खाद्यान्न उठाव एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने औराई, गायघाट एवं मीनापुर प्रखंडों की स्थिति पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया और चेतावनी दी कि सुधार नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। घरेलू उपभोक्ताओं को एलपीजी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि एलपीजी सिलेंडर वितरण में चार दिन से अधिक का बैकलॉग नहीं रहना चाहिए। साथ ही गैस पाइपलाइन व्यवस्था में सुधार लाने तथा उपभोक्ताओं को सुचारु सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में राशन कार्डों के सत्यापन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि अपात्र एवं अयोग्य लाभुकों की पहचान कर एक सप्ताह के भीतर सूची से उनके नाम हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए और किसी भी प्रकार की अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुज़फ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट

  

Related Articles

Post a comment