जिलाधिकारी ने मुसहरी प्रखंड और अंचल का किया निरीक्षण, पदाधिकारियों में मचने लगा हड़कंप
- by Manjesh Kumar
- 23-Jul-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिला पदाधिकारी कुमार गौरव ने गुरुवार को जिले के मुसहरी प्रखंड/अंचल का भ्रमण कर विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, प्रशासनिक व्यवस्था तथा बाढ़ आपदा की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये। भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रखंड/अंचल कार्यालय में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति, कार्य निष्पादन की स्थिति तथा जनहित से जुड़े मामलों की समीक्षा की। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सीडीपीओ, एवं प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी को निर्देश दिया कि सभी कार्यालयों में कर्मियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक प्रणाली का उपयोग कर सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने कहा कि कर्मियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही नियमानुसार वेतन भुगतान किया जाए तथा कार्यालयी अनुशासन को हर हाल में बनाये रखा जाए।
उन्होंने कहा की सभी कर्मी प्रखंड मुख्यालय में उपस्थित रहें और सरकारी कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। जनता को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए सभी अधिकारियों को जवाबदेही के साथ कार्य करने की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संभावित बाढ़ आपदा की तैयारियों की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि राहत शिविरों की स्थापना, सामुदायिक किचेन की व्यवस्था, नावों की उपलब्धता, गोताखोरों की सूची, मेडिकल टीमों की तैनाती तथा अन्य आवश्यक संसाधनों की तैयारी पूरी तरह अद्यतन रखी जाय। साथ ही नियमित समीक्षा कर यह सुनिश्चित किया जाय कि किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करने में सक्षम हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रोटोकाल के अनुरूप कार्य करें और संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ से संबंधित सभी तैयारियों का समय-समय पर सत्यापन किया जाए ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान म्यूटेशन एवं परिमार्जन कार्यों की पंचायतवार समीक्षा में जिन तीन पंचायतों अब्दुल नगर उर्फ माधोपुर के राजस्व कर्मचारी सुनील कुमार, शहरी वार्ड संख्या- 29 के राजस्व कर्मचारी एकता कुमारी एवं मणिका विशुनपुर चांद के राजस्व कर्मचारी भारत पंडित का प्रदर्शन सबसे कम पाया गया। उन्होंने वहां पदस्थापित संबंधित राजस्व कर्मचारियों से का वेतन स्थगित करते हुए स्पष्टीकरण पूछने निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि राजस्व मामलों के निष्पादन में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि लंबित म्यूटेशन एवं परिमार्जन आवेदनों के शीघ्र निष्पादन हेतु विशेष अभियान चलाकर सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत व्यक्तिगत घरेलू शौचालय (IHHL) निर्माण की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लाभुकों को शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे शौचालय निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके। इसके साथ ही नए सोखता निर्माण कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में गति एवं गुणवत्ता दोनों सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित कार्यों का निष्पादन कर प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध करने का निर्देश दिया।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment