बाढ़ पीड़ितों की समस्या और प्रशासन की उदासीनता के विरोध में अंचलाधिकारी कार्यालय का शांतिपूर्ण घेराव का आवाहन
- by Manjesh Kumar
- 17-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: जिले के गायघाट प्रखंड अंतर्गत कांटा पिरौछा दक्षिणी पंचायत के समस्त ग्रामवासियों ने बाढ़ प्रभावित परिवारों एवं किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को गायघाट अंचलाधिकारी कार्यालय का शांतिपूर्ण घेराव एवं विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। ग्रामवासियों का कहना है कि लगातार आई बाढ़ से पंचायत के अनेक परिवारों का जनजीवन प्रभावित हुआ है। किसानों की धान, मक्का, सब्जी एवं अन्य फसलें नष्ट हो गई हैं, जबकि कई स्थानों पर बांध क्षतिग्रस्त होने से लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद अब तक प्रभावित लोगों को अपेक्षित राहत एवं स्थायी समाधान नहीं मिल पाया है।
प्रदर्शन के माध्यम से प्रतिनिधि मंडल प्रशासन के समक्ष निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखेंगे
- वार्ड संख्या 01 से 15 तक सभी बाढ़ प्रभावित परिवारों एवं किसानों का तत्काल एवं निष्पक्ष सर्वेक्षण कर पात्र लाभुकों को जी.आर. (GR) राहत राशि उपलब्ध कराई जाए
- बाढ़ में नष्ट हुई धान, मक्का, सब्जी एवं अन्य फसलों का पंचायतवार सर्वेक्षण कर किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए
- बाढ़ से क्षतिग्रस्त बांधों का मरम्मत/पुनर्निर्माण किया जाए
- कांटा पिरौछा दक्षिणी पंचायत में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा की जाए तथा तैयारियों में हुई कमी, लापरवाही अथवा अनदेखी के लिए जिम्मेदार कर्मियों की जवाबदेही तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए
- पिरौछा से महुआरा–कांटा तक आने वाली सियारी नदी का तत्काल तकनीकी सर्वेक्षण कराया जाए तथा नदी की गहराई, चौड़ाई एवं जलनिकासी क्षमता का आकलन कर वैज्ञानिक तरीके से उड़ाही (डी-सिल्टिंग) कराई जाए, ताकि बाढ़ की समस्या का स्थायी समाधान हो सके।
आंदोलनकर्ता अभिषेक सुमन ने स्पष्ट किया है कि यह आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं जनहित में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार करते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों एवं किसानों को न्याय मिल सके।
मुजफ्फरपुर से रूपेश कुमार की रिपोर्ट


Post a comment