सरकारी कलवर्ट पर निर्माण का आरोप, सीओ के आदेश के बाद भी नहीं रुका काम, ग्रामीणों में आक्रोश
- by Manjesh Kumar
- 01-Aug-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के बरारी प्रखंड अंतर्गत विष्णुपुर पंचायत के वार्ड संख्या- 03 में अर्जित सरकारी भूमि पर बने सार्वजनिक कलवर्ट के सामने कथित रूप से पक्का मकान निर्माण कर जल निकासी बाधित किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद अंचल प्रशासन ने निर्माण कार्य तत्काल रोकने का आदेश जारी किया था, लेकिन आदेश की अनदेखी किए जाने पर शनिवार को पुलिस बल भेजा गया। प्रशासन ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की बात कही है। स्थानीय ग्रामीण जयप्रकाश यादव, प्रकाश कुमार यादव, उदय कुमार दास, रघुनंदन पासवान समेत अन्य लोगों ने अंचल पदाधिकारी, बरारी को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि वार्ड संख्या- 03 में बिहार सरकार की सार्वजनिक भूमि पर स्थित सरकारी कलवर्ट को अवरुद्ध कर उसके सामने पक्का मकान बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे बरसात के पानी की निकासी प्रभावित हो रही है और पूरे वार्ड में जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गई है। शिकायत के बाद अंचल प्रशासन ने राजस्व कर्मचारी से स्थल जांच कराई। जांच रिपोर्ट में संबंधित भूमि को कटाव प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए अधिग्रहित भूमि बताया गया। इसके आधार पर अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार ने नरसिंह साह एवं राजा कुमार साह को नोटिस जारी कर तत्काल निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया। नोटिस में स्पष्ट किया गया कि सरकारी अथवा सार्वजनिक भूमि तथा जलमार्ग को अवरुद्ध करना बिहार सरकार अतिक्रमण अधिनियम, 1956 के तहत दंडनीय अपराध है। साथ ही दोनों पक्षों को 13 जुलाई को अंचल मुख्यालय, बरारी में आयोजित संयुक्त थाना जनता दरबार में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया था। आदेश की अवहेलना करने पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई थी।
अंचल पदाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि पूर्व में नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने तथा जनता दरबार में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद निर्माण कार्य नहीं रोके जाने पर शनिवार को पुलिस बल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।


Post a comment