मुजफ्फरपुर में दौड़ते दौड़ते जलने लगी कार, सवारों ने किसी तरह बचाई अपनी जान, वीडियो वायरल...
- by Manjesh Kumar
- 19-Aug-2026
- Views
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर में उस समय अफरा तफरी की स्थिति बन गई, जब बीच सड़क एक लक्जरी कार में अचानक से आग लग गई, और देखते ही देखते गाड़ी पूरी तरह जल गई। दरअसल घटना मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र के नारौली चौक के समीप की बताई बताई जा रही है। जहां बीच सड़क पर दौड़ती एक कार अचानक आग के शोले में तब्दील हो गई। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी जद में ले लिया और कुछ ही देर में कार धू-धू कर जल उठी। जानकारी के अनुसार हादसे में गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए और उनकी जान बाल-बाल बच गई।
जानकारी के मुताबिक, कार मुजफ्फरपुर से ढोली की तरफ जा रही थी। कार में दो महिलाएं, दो बच्चे और चालक समेत कुल पांच लोग सवार थे। नारौली चौक के पास पहुंचते ही अचानक चलती कार में आग भड़क उठी। आग की लपटें उठते ही चालक ने फौरन सूझबूझ दिखाते हुए कार को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद कार में बैठे सभी लोग कार से बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल शक्ल अख्तियार कर ली और पूरी कार आग के आगोश में समा गई। घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया। मगर तब तक आग अपना कहर बरपा चुकी थी और कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।


Post a comment