पूर्णिया की सड़कों और गलियों पर तीसरी आंख रखेगी नगर, बढ़ते आपराधिक मामलों को देख नगर निगम हरकत में
- by Manjesh Kumar
- 01-Aug-2026
- Views
पूर्णिया: शहर में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। नगर निगम की महापौर विभा कुमारी ने अपराधियों पर नकेल कसने और शहरवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। महापौर ने साफ तौर पर कहा है कि शहर में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नगर निगम क्षेत्र के सभी प्रमुख स्थलों और चौक-चौराहों को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया जा रहा है। बंद पड़े कैमरे बदले जा रहे, नए सिरे से काम शुरू किया गया है।
महापौर विभा कुमारी ने बताया कि पूर्णिया शहर के नगर निगम क्षेत्र में जहां भी पहले से लगे सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं या खराब हो चुके हैं, उन्हें चिन्हित कर नए सिरे से बदलने का काम शुरू कर दिया गया है। शहर के हर कोने पर पैनी नजर रखने के लिए युद्ध स्तर पर काम चल रहा है। नगर निगम प्रशासन का लक्ष्य है कि जल्द से जल्द पूर्णिया शहर के हर छोटे-बड़े चौक-चौराहे पर सीसीटीवी कैमरे इंस्टॉल कर दिए जाएं। महापौर ने कहा कि इस योजना पर काम बहुत तेज गति से चल रहा है। कैमरों के लग जाने से पूरा पूर्णिया शहर चौबीस घंटे तीसरी आंख की निगरानी में रहेगा, जिससे असामाजिक तत्वों और अपराधियों की गतिविधियों पर तुरंत लगाम लगाई जा सकेगी।
अपराध नियंत्रण में मिलेगी मदद, आम जनता को मिलेगी राहत
लगातार हो रहे गोली कांड से शहर के व्यवसायियों और आम नागरिकों में उपजे डर को दूर करते हुए महापौर ने भरोसा दिलाया कि इन कैमरों के एक्टिव होते ही लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सीसीटीवी सर्विलांस मजबूत होने से पुलिस प्रशासन को भी अपराध नियंत्रण और अपराधियों की पहचान करने में भारी बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि शहर की शांति और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।


Post a comment