ग्रामीण विकास मंत्री ने दो घायल BDO से अस्पताल जाकर की मुलाकात
- by Manjesh Kumar
- 28-Jul-2026
- Views
`25 जुलाई को हुए उपद्रव में सारण जिले के दो बीडीओ बुरी तरह हो गए हैं जख्मी, पटना के अस्पताल में चल रहा इनका इलाज`
पटना: नीट परीक्षा में धांधली के खिलाफ बिहार के कई जिलों में भी 25 जुलाई को व्यापक आंदोलन एवं उपद्रव हुआ था। इसी क्रम में सारण जिले के दो अलग-अलग प्रखंडों में दो बीडीओ को गंभीर चोट आई थी। इनका इलाज पटना के दो अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। इनका हालचाल जानने और स्वास्थ्य संबंधित जानकारी लेने के लिए ग्रामीण विकास विभाग और सूचना एवं जन-संपर्क विभाग के मंत्री श्रवण कुमार मंगलवार को दोनों अस्पताल पहुंच कर संबंधित बीडीओ एवं इनके परिजनों से मुलाकात की।
मंत्री ने छपरा सदर के बीडीओ दृष्टि पाठक से आईजीआईएमएस हॉस्पिटल पहुंच कर उनसे मुलाकात की। उनके वार्ड में बेड पर लेटे बीडीओ पाठक से हालचाल जाना और उनके परिजनों से मुलाकात की। अस्पताल के डॉक्टरों से उनके स्वस्थ्य होने को लेकर जानकारी भी ली। पता चला कि उनकी स्थिति खतरे से बाहर है, लेकिन स्थिति अब भी नाजुक बनी हुई है। उपद्रवियों के हमले में उनके आंख में गंभीर चोट लग गई थी, जिसका इलाज इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा मंत्री मेदांता अस्पताल में भर्ती सारण जिला के रिविलगंज प्रखंड के बीडीओ रीतेश कुमार सिंह से भी जाकर मिले और उनका हालचाल जाना। उनके जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करते हुए परिजनों से उनकी मौजूदा स्थिति के बारे में अवगत हुए। भीड़ के हमले में बीडीओ सिंह के सिर पर गंभीर चोट लग गई है। इसके बाद से उनका इलाज मेदांता अस्पताल में चल रहा है।


Post a comment