विकासात्मक योजनाओं की स्वीकृति और राशि निकासी के एवज में BDO ने मांगी थी 75 हजार घूस, निगरानी ने रंगे हाथ दबोचा
- by Manjesh Kumar
- 01-Sep-2026
- Views
भागलपुर: बिहार में इन दिनों भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने बांका में बड़ी कार्रवाई की तथा बीडीओ समेत उनके मामा को घूस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। घटना बांका के फुल्लीडुमर प्रखंड की है जहां 75 हजार रुपए घूस लेते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित प्रताप सिंह तथा उनके मामा बच्चन प्रसाद सिंह को गिरफ्तार कर लिया। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की अनुसार प्रखंड प्रमुख गौतम प्रकाश की शिकायत पर टीम ने कार्रवाई की। प्रखंड प्रमुख ने बीडीओ पर पंचायती राज विभाग से संबंधित विकास योजनाओं की प्रशासनिक स्वीकृति और राशि निकासी के एवज में 75 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप लगाया था।
प्रखंड प्रमुख की शिकायत पर निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया और मंगलवार को बीडीओ के आवास पर धावा बोला तथा 75 हजार रुपए घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। निगरानी विभाग की योजना के अनुसार शिकायतकर्ता तय रकम लेकर बीडीओ के आवास पहुंचे। कथित रूप से 75 हजार रुपये दिए जाने के बाद पहले से मौजूद निगरानी टीम ने कार्रवाई करते हुए बीडीओ को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद उनके मामा को भी हिरासत में लिया गया। इसके बाद दोनों को बांका परिसदन लाकर पूछताछ की गई।
बता दें कि बीडीओ की गिरफ्तारी इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि इसके ठीक एक दिन पहले सोमवार को फुल्लीडूमर प्रखंड कार्यालय में जन्म प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर बीडीओ और पूर्व मुखिया संजीव कुमार मंडल के बीच विवाद हुआ था। बीडीओ ने पूर्व मुखिया पर मारपीट और धक्का-मुक्की का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व मुखिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूर्व मुखिया की गिरफ्तारी के 24 घंटे के भीतर बीडीओ की रिश्वत मामले में गिरफ्तारी से पूरे घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया है। निगरानी टीम मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है। बीडीओ को निगरानी की विशेष अदालत में पेश किए जाने की प्रक्रिया की जा रही है।/p>


Post a comment