महिला को खंभे से बांध कर पीटने का वीडियो तेजी से हो रहा वायरल, घटना के 11 दिन बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर

कटिहार: कटिहार जिले के आजमनगर थाना क्षेत्र के रामपुर कदमगाछी गांव में एक महिला को कथित तौर पर खंभे से बांधकर बेरहमी से पीटने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। महिला के साथ कथित अमानवीय व्यवहार ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। महिला का आरोप है कि रामपुर गांव निवासी मोहम्मद नाहिद और उसके परिवार के सदस्यों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए और बाद में उसे खंभे से बांधकर काफी देर तक पीटा गया। महिला के अनुसार, आसपास मौजूद लोग घटना देखते रहे, लेकिन किसी ने उसे बचाने का प्रयास नहीं किया।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि प्यास लगने पर पानी मांगने के बावजूद उसे पानी नहीं दिया गया और उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। घटना की सूचना किसी व्यक्ति ने 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आजमनगर पुलिस मौके पर पहुंची और खंभे से बंधी महिला को मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस ने महिला को कदमगाछी गांव स्थित उसके ससुराल पहुंचाया, जहां परिजनों ने उसका इलाज कराया। पीड़िता ने आजमनगर थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई। महिला का कहना है कि घटना को 11 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस के अनुसार, महिला के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

इस संबंध में बारसोई डीएसपी अजय कुमार ने बताया कि मामला दर्ज हो चुका है। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और न्यायसंगत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

  

Related Articles

Post a comment