एक बार फिर मुश्किल में फंसे मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, गोपालगंज में दर्ज किया गया मामला...

गोपालगंज: मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के सत्ता पक्ष में होने के बावजूद मुश्किलें पीछा छोड़ने के लिए तैयार नहीं है। अभी हाल ही में वह एक हत्या के मामले में जमानत पर जेल से बाहर आए हैं और अब एक और FIR दर्ज हो गया। यह FIR सार्वजनिक रूप से हथियार प्रदर्शन और लहराने के आरोप में किया गया है। दरअसल मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह बीते दिन गोपालगंज में एक शादी समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान उनके कई वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वह कहीं बैठे हैं तथा सामने नर्तकी नृत्य कर रही है तो दूसरी तरफ उनके कुछ समर्थक सरेआम हथियार लहराते हुए डांसर के साथ डांस कर रहे हैं।

बाहुबली विधायक और उनके समर्थकों का यह वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष ने सत्ता पक्ष पर ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए तथा पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। अब गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर उनके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। अनंत सिंह के विरुद्ध गोपालगंज के मीरगंज थाना सहित साइबर सेल की पुलिस जांच में जुट गई है। आरोप है कि विधायक अनंत सिंह की मौजूदगी में उनके समर्थकों ने अवैध हथियार लहराया जो कि कानून का उल्लंघन है। विधायक अनंत सिंह समेत उनके 9 समर्थकों को भी चिह्नित किया गया है और उनके विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिन 9 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज हुई है, उसमें मुख्य रूप से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, आयोजक गुड्डू राय, गुंजन राय सहित आधा दर्जन और लोग नामजद हैं। वहीं कुछ अन्य लोगों की पहचान करने का दावा किया जा रहा है। गोपालगंज एसपी ने जारी किए गए प्रेस रिलीज़ के माध्यम से बताया कि उपनयन संस्कार का आयोजन दो और तीन अप्रैल को किया गया था। उसमें नर्तकियों से डांस कराया गया अश्लीलता परोसी गई। इसके साथ ही अवैध, प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियार लहराए गए। जिसको लेकर यह कार्रवाई की जा रही है। एसपी विनय तिवारी ने बताया कि किसी भी तरह के हथियार का प्रदर्शन करना, सरेआम अश्लीलता परोसना, इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से प्रसार करना गैर कानूनी है। जिसको लेकर पुलिस काफी सख्त है। और इसी मामले में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है। 

बहरहाल गोपालगंज पुलिस की इस कार्रवाई से अनंत सिंह की जहां मुश्किलें बढ़ गई है। वहीं उनके समर्थकों में भी हड़कंप मच गया है। बता दें कि इसके पहले गोपालगंज के कुचायकोट के ही दबंग और बाहुबली विधायक अमरेंद्र कुमार पांडे उर्फ पप्पू पांडे के ऊपर भी कुचायकोट थाने में एक माह पूर्व नामजद एफआईआर दर्ज किया गया है। उनके ऊपर आरोप है कि उनके समर्थक विधायक के संरक्षण पर अवैध तरीके से जमीन का कब्जा करते हैं। और भू माफियाओं के द्वारा इस जमीन की खरीद बिक्री की जाती है। गोपालगंज जिले में अब तक जदयू के दो बाहुबली विधायकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो चुकी है। जिसे लोग सीएम सम्राट चौधरी के कड़े एक्शन के रूप में भी देख रहे हैं।

  

Related Articles

Post a comment