शराबबंदी वाले बिहार में सरकारी एंबुलेंस से होती है तस्करी, पुलिस ने एक तस्कर को दबोचा

शेखपुरा: शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद विभाग की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब से लदी एक सरकारी एंबुलेंस को जब्त किया है। कार्रवाई बुधवार की रात करीब आठ बजे नवादा-शेखपुरा सीमा पर काशीचक टाटी पुल के समीप की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एंबुलेंस के जरिए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब की खेप शेखपुरा लाई जा रही है। सूचना मिलते ही उत्पाद विभाग की टीम ने इलाके में घेराबंदी कर संदिग्ध एंबुलेंस को रोक लिया। तलाशी के दौरान एंबुलेंस से करीब 10 कार्टन बरामद की गई। मौके से पुलिस ने एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार तस्कर की पहचान लखीसराय निवासी कारू राम के पुत्र प्रमोद कुमार के रूप में हुई है। उत्पाद थानाध्यक्ष अमित आनंद ने बताया कि उनके नेतृत्व में एएसआई अमरजीत कुमार एवं सशस्त्र बलों ने कार्रवाई को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि जब्त एंबुलेंस का संचालन नवादा जिले के वारसलीगंज पीएचसी में होता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी एंबुलेंस के जरिए शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment