कटिहार में असामाजिक तत्वों ने बाबा साहेब की प्रतिमा को पहुंचाया नुकसान, स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल
- by Manjesh Kumar
- 14-May-2026
- Views
कटिहार: कटिहार के आजमनगर प्रखंड क्षेत्र के पंचायत भवन के सामने हाल ही में 14 अप्रैल को स्थापित भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को असामाजिक तत्वों द्वारा क्षति पहुंचाने का प्रयास किए जाने से क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। घटना की जानकारी गुरुवार को अहले सुबह मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ प्रतिमा स्थल पर जुट गई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगी। बताया जा रहा है कि पंचायत भवन के सामने कुछ ही दिनों पूर्व 14 अप्रैल को बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की गई थी प्रतिमा स्थापना के बाद से ही यह स्थान लोगों के लिए सम्मान और प्रेरणा का केंद्र बना हुआ था लेकिन बुधवार देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
घटना को लेकर पंचायत के मुखिया डॉक्टर भरत कुमार राय, सरपंच पोसुवा राय, पंचायत समिति सदस्य राकेश कुमार पोद्दार, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सुनील सिन्हा, गणेश रजक, निशिकांत राय, डोम राय समेत कई जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द आरोपियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की साजिश है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाना चाहिए।
घटना की सूचना मिलते ही आजमनगर थानाध्यक्ष नीरज कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने प्रतिमा स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पंचायत के मुखिया डॉक्टर भरत कुमार राय ने प्रतिमा स्थल पर सीसीटीवी कैमरा लगाने की कवायद शुरू कर दी है।
कटिहार से जयप्रकाश भगत की रिपोर्ट


Post a comment