भोजपुरी सेंसेशन अक्षरा सिंह ने पटना में बच्चियों के साथ मनाया जन्मदिन, बोलीं 'यहां मिला अपनापन और बेशर्त प्यार'

पटना: भोजपुरी अभिनेत्री एवं गायिका अक्षरा सिंह ने अपना जन्मदिन नारी गुंजन संस्थान की बच्चियों के बीच मनाया। मुंबई से पटना पहुंचीं अक्षरा ने संस्थान की बच्चियों से मुलाकात की, उनके साथ समय बिताया और केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उन्होंने बच्चियों से उनकी पढ़ाई और रुचियों के बारे में जानकारी ली तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। अक्षरा ने बच्चियों को अपने सपनों को पूरा करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अक्षरा सिंह ने कहा कि वह खुद को बेहद खुश और सौभाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें अपना जन्मदिन इन बच्चियों के बीच मनाने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से बच्चियों से मिलने का वादा किया था, जिसे पूरा करने के लिए वह मुंबई से यहां पहुंचीं। अक्षरा ने कहा कि बच्चों के बीच आकर मिलने और इस जीवन को करीब से देखने का अनुभव बिल्कुल अलग है। यहां उन्हें जो प्यार, अपनापन और स्नेह मिला, वह बेशर्त है। उन्होंने कहा कि लोग जन्मदिन और खास मौकों पर पार्टी करने के लिए दुबई या अमेरिका जैसे स्थानों पर जाते हैं, लेकिन बच्चों के बीच मिलने वाला यह बेशर्त प्यार कहीं और नहीं मिल सकता। अक्षरा ने कहा कि बच्चियों के साथ समय बिताकर उन्हें बेहद आत्मिक खुशी मिली है। उन्होंने कहा कि ऐसे अवसरों पर खुशियां बांटना जन्मदिन के उत्सव को और अधिक खास बना देता है।

कार्यक्रम के दौरान अक्षरा सिंह ने बच्चियों के साथ बातचीत की और उनके भविष्य से जुड़े सपनों के बारे में भी जाना। उन्होंने बच्चियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा और मेहनत के बल पर वे अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। इस अवसर पर नारी गुंजन संस्थान के सदस्य सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

  

Related Articles

Post a comment