अभया ब्रिगेड की दहाड़: मानव तस्करी, साइबर अपराध और छेड़खानी पर पुलिस की सख्ती, छात्राओं से कहा- खतरा दिखे तो तुरंत 112 डायल करें
- by Manjesh Kumar
- 27-Jul-2026
- Views
शेखपुरा: शहर के कच्ची रोड स्थित निजी कोचिंग संस्थानों में अभया ब्रिगेड और पुलिस दीदी टीम के द्वारा छात्राओं को जागरूक किया गया। इस दौरान नगर थाना की एएसआई कुमारी शुभम सिन्हा, पीटीसी नवल कुमार मंडल समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को गुड टच और बैड टच की जानकारी दी और किसी भी तरह के गलत व्यवहार का विरोध करने के लिए प्रेरित किया। पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपाय भी बताए। एएसआई कुमारी शुभम सिन्हा ने कहा कि वर्तमान समय में मानव तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसे में छात्राओं को संदिग्ध लोगों, अनजान कॉल और मैसेज से सावधान रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध कॉल या मैसेज करता है अथवा रास्ते में किसी लड़की के साथ बदसलूकी, छेड़खानी या परेशान करने की कोशिश करता है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में डायल 112 बेहद महत्वपूर्ण है। छात्राएं किसी भी खतरे को नजरअंदाज न करें और तत्काल 112 पर कॉल करें। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय पुलिस टीम मदद के लिए पहुंचेगी। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्राओं से सुरक्षित रहने और किसी भी घटना की जानकारी परिवार व पुलिस को देने की अपील की गई।


Post a comment