बाकीपुर उप चुनाव में भाजपा को लगा बड़ा झटका, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के करीबी अभिषेक पीछे हटे
- by Manjesh Kumar
- 10-Jul-2026
- Views
पटना: बड़ी खबर राजधानी पटना से है जहां बाकीपुर विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के उम्मीदवार ने चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपना नामांकन भी वापस लेने का ऐलान किया है और बताया कि पार्टी को इस संबंध में सूचित कर दिया है। बाकीपुर विधानसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार अभिषेक कुमार बंटी ने पार्टी कार्यालय में एक प्रेस वार्ता कर बताया कि उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखा है जिसमें वह व्यक्तिगत और पारिवारिक कारणों से चुनाव नहीं लड़ने की बात कही है।
अभिषेक बंटी ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि वह पार्टी में कार्यकर्ता के तौर पर काम करते रहेंगे लेकिन चुनाव नहीं लड़ पाएंगे। बता दें कि अभिषेक बंटी ने एक दिन पहले ही विधानसभा उप चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल किया था जिसमें पार्टी समेत एनडीए के कई बड़े नेता भी मौजूद थे। हालांकि अभी नामांकन की अंतिम तारीख 13 जुलाई तक होने की वजह से भाजपा के सामने दूसरा उम्मीदवार मैदान में उतारने का मौका जरूर है लेकिन अभिषेक बंटी का पीछा हटना एक बड़ा झटका से कम नहीं है। वहीं अब नया उम्मीदवार खोजना भी किसी चुनौती से कम नहीं होगी।
बता दें कि अभिषेक सिन्हा बंटी बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बांकीपुर सीट से पांच बार विधायक रहे नितिन नवीन के करीबी माने जाते हैं। वह भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेश उपाध्यक्ष रह चुके हैं। इससे पहले वह पटना महानगर और मंडल स्तर पर भी पार्टी की जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। पिछले करीब दो दशक से वह बांकीपुर और पटना में बीजेपी के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। नितिन नवीन के राज्यसभा सांसद बनने के बाद बांकीपुर सीट खाली हुई थी। इसके बाद बीजेपी ने उपचुनाव में एक सामान्य कार्यकर्ता के तौर पर अभिषेक बंटी को उम्मीदवार बनाया था।


Post a comment