शराबबंदी वाले बिहार में लगातार मिल रहा है जखीरा, ट्रक के तहखाने से 50 लाख का माल बरामद

जहानाबाद: बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू कराने को लेकर उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को जहानाबाद में विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। बरामद शराब की कीमत 50 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। कार्रवाई के दौरान राजस्थान के रहने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के अधीक्षक दिलीप कुमार पाठक को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा से एक ट्रक में भारी मात्रा में अवैध शराब लादकर पटना की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर विभाग की टीम ने गया-पटना मुख्य मार्ग पर उमता धरणई के समीप वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान ट्रक के अंदर बनाए गए गुप्त तहखाने (स्पेशल कंपार्टमेंट) का पता चला। इस तहखाने में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखी गई थी। विभाग की टीम ने ट्रक को जब्त कर उसे उत्पाद थाना परिसर में लाया, जहां शराब की बोतलों की गिनती और जब्ती की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार बरामद शराब की पूरी खेप विदेशी शराब की है और इसकी कीमत 50 लाख रुपये से अधिक होने का अनुमान है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक प्रवीण सिंह और उसके सहयोगी राजेश कुमार मीणा को गिरफ्तार किया गया है। दोनों राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि उसे हरियाणा से पटना तक ट्रक पहुंचाने के लिए करीब 20 हजार रुपये देने की बात कही गई थी। उसने ट्रक में शराब छिपाए जाने की जानकारी होने से इनकार किया है।

फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग की टीम शराब की खेप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने में जुटी है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। विभाग द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  

Related Articles

Post a comment