22 लाख की चोरी के 3 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर, पीड़ित ने...
- by Manjesh Kumar
- 04-Oct-2026
- Views
पटना: राजधानी पटना में दिनदहाड़े चोरी की बड़ी वारदात के तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस का हाथ खाली है। जानकारी के अनुसार अगमकुआं थाना क्षेत्र के आईओसी कॉलोनी स्थित विश्वासनी नगर में 1 अक्टूबर को मकान मालकिन अर्चना केसरी दिन में करीब 10:30 बजे अपने घर से ऑफिस के लिए निकली थीं। करीब 1 बजे जब वह वापस घर पहुंचीं तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर कमरे का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि करीब 20 लाख रुपये के सोने के जेवर और 2 लाख रुपये नकद गायब थे। इसके बाद पीड़िता ने तत्काल अगमकुआं थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
सूचना मिलते ही अगमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला, जिसमें तीन संदिग्धों की गतिविधियां सामने आई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है। इस मामले में पीड़िता की ओर से सात लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया है, जिनमें पप्पू खान, अजय, बिहारी ठाकुर, सीमा, दिलीप और अर्जुन समेत अन्य के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
तीन दिन बीत जाने के बाद भी न तो किसी आरोपी की गिरफ्तारी हो पाई है और न ही चोरी गए जेवर और नकदी की बरामदगी हुई है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


Post a comment